Abhishek Singh Singer Deoria Viral Video: उत्तर प्रदेश के देवरिया से दिवाली के जश्न के दौरान हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है. यहां एक बीजेपी नेता ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से सरेआम फायरिंग की. इतना ही नहीं, उन्होंने इसका वीडियो बनवाकर अपने फेसबुक अकाउंट पर भी पोस्ट कर दिया. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी नेता को हिरासत में ले लिया.
ADVERTISEMENT
सोशल मीडिया पर भौकाल दिखाने के चक्कर में फंसे बीजेपी नेता
यह मामला देवरिया जिले के बघौच घाट थाना क्षेत्र का है. वीडियो में दिख रहे शख्स की पहचान बीजेपी नेता अभिषेक सिंह सिंगर (पुत्र स्वर्गीय कल्याण सिंह, निवासी आनंद नगर) के रूप में हुई है. दिवाली की शाम अभिषेक ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया था. इसमें वह बंदूक में कारतूस डालकर आसमान की ओर निशाना साधते और हवाई फायरिंग करते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की.
इस मामले में एक और अहम बात सामने आई है. जिस बंदूक से फायरिंग की गई, वह उनके पिता कल्याण सिंह के नाम पर लाइसेंसी थी. कुछ महीने पहले उनके पिता का निधन हो चुका है, लेकिन बंदूक का लाइसेंस अभी तक अभिषेक के नाम पर ट्रांसफर नहीं हुआ था. ऐसे में उनके पास उस हथियार के इस्तेमाल की वैध अनुमति नहीं थी.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हिरासत में आरोपी
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद देवरिया पुलिस ने इसका तुरंत संज्ञान लिया. बघोच घाट थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अभिषेक सिंह को हिरासत में ले लिया है और घटना में इस्तेमाल की गई डीबीएल बंदूक तथा कारतूस के खोखे को भी कब्जे में ले लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को ताक पर रखकर इस तरह की हर्ष फायरिंग या अवैध प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और आरोपी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. दीवाली के इस कारनामे ने साफ कर दिया है कि सोशल मीडिया पर रील या वीडियो के चक्कर में कानून तोड़ने वालों को अब भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है.
ADVERTISEMENT


