Dhanraj Nathwani Net Worth: 10 करोड़ से ज्यादा की FD, 55 करोड़ के शेयर-म्यूचुअल फंड... जानें अखिलेश यादव के राज्यसभा प्रत्याशी धनराज नाथवानी कितने करोड़ के मालिक हैं?

रजत सिंह

• 09:09 AM • 01 Oct 2026

Dhanraj Nathwani Net Worth: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव में रिलायंस ग्रुप में डायरेक्टर के तौर पर काम करने वाले धनराज परिमल नाथवानी को प्रत्याशी बनाकर बड़ा सरप्राइज दिया है. धनराज नाथवानी ने अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव के साथ जाकर अपना नामांकन दाखिल किया. नामांकन पत्र में दिए गए ब्योरे के मुताबिक धनराज नाथवानी और उनकी पत्नी के पास अरबों रुपये की संपत्ति है.

धनराज नाथवानी की संपत्ति 100 करोड़ के पास
धनराज नाथवानी की संपत्ति 100 करोड़ के पास
Google CTA

Dhanraj Nathwani Property Details: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासत गर्मा गई है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्यसभा चुनाव में सरप्राइज देने की बात कही थी और उन्होंने रिलायंस ग्रुप में डायरेक्टर धनराज परिमल नाथवानी को टिकट देकर सबको चौंका दिया. धनराज नाथवानी ने अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया है.

Read more!

कौन हैं धनराज नाथवानी?

धनराज नाथवानी उद्योगपति हैं और रिलायंस ग्रुप में डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं. उनके पिता गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे हैं और बीजेपी व एनडीए के समर्थन से निर्दलीय राज्यसभा सदस्य भी रह चुके हैं.

धनराज नाथवानी की संपत्ति का ब्योरा

नामांकन में दिए गए हलफनामे के मुताबिक धनराज नाथवानी के पास भारी-भरकम संपत्ति है. अगर उनकी खुद की चल और अचल संपत्ति को जोड़ दिया जाए तो यह कुल मिलाकर लगभग 100 करोड़ रुपये पहुंच जाती है. वहीं हलफनामे के अनुसार उनकी पत्नी की घोषित अचल संपत्ति 1 अरब 11 करोड़ 9 लाख रुपये है. जानें कितनी है धनराज नाथवानी की चल और अचल संपत्ति. 

चल संपत्ति (Movable Property):

  • एफडी (FD): 10 करोड़ 62 लाख रुपये
  • बॉन्ड, शेयर और म्यूचुअल फंड: 55 करोड़ 72 लाख रुपये
  • इंश्योरेंस पॉलिसी: 3 करोड़ 81 लाख रुपये
  • जेवरात (Jwellery): 1 करोड़ 62 लाख रुपये
  • कुल चल संपत्ति: 77 करोड़ 74 लाख रुपये

अचल संपत्ति (Immovable Property):

  • फार्म हाउस: 1 करोड़ 51 लाख रुपये
  • प्लॉट: 4 करोड़ 70 लाख रुपये
  • कमर्शियल प्रॉपर्टी: 6 करोड़ 72 लाख रुपये
  • मकान: 14 करोड़ 73 लाख रुपये
  • कुल अचल संपत्ति: 27 करोड़ 66 लाख रुपये

यह पढ़ें:  

यूपी में राज्यसभा चुनाव का सियासी गणित:

उत्तर प्रदेश में कुल 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है.

1. बीजेपी और सपा की स्थिति: प्रथम वरीयता के वोटों के आधार पर बीजेपी आसानी से 7 प्रत्याशी और समाजवादी पार्टी 2 प्रत्याशी राज्यसभा भेज सकती है.
2. सरप्लस वोट: 2 सीटें जीतने के बाद सपा के पास करीब 20 से 24 अतिरिक्त वोट बचते हैं, जबकि बीजेपी के पास 14 से 17 एक्स्ट्रा वोट हैं.
3. तीसरे प्रत्याशी का पेच: इसी तीसरे कैंडिडेट को लेकर घमासान मचा हुआ है. चर्चा है कि अखिलेश यादव 2023 के राज्यसभा चुनाव का बदला लेने के लिए बड़े धनबल वाले प्रत्याशी को मैदान में लाए हैं ताकि चुनाव के दौरान विधायकों को मैनेज किया जा सके. नामांकन के दौरान मंत्री राकेश सचान भी नजर आए. अब देखना होगा कि अखिलेश यादव तीसरा प्रत्याशी किसे बनाते हैं.

कब होंगे राज्यसभा चुनाव?

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर 2026 को चुनाव होंगे. इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को खत्म हो रहा है. चुनाव आयोग ने 29 सितंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है. उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे. 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे. मतदान 16 अक्टूबर को  होगा. इसके बाद उसी दिन शाम 5 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी.

यह भी पढ़ें: कौन है धनराज नथवानी, जिन्हें रामगोपाल यादव के साथ अखिलेश ने बनाया राज्यसभा का उम्मीदवार