Puja Pal Statement On Atiq Ahmed: धुरंधर 2 फिल्म की रिलीज के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में अतीक अहमद के नाम पर एक बार फिर से चर्चाओं में आ गया है. दरअसल, फिल्म में अतीक अहमद से मिलता जुलता एक किरदार दिखाए जाने के बाद मामले में सपा से निष्कासित विधायक पूजा पाल ने बड़ा बयान दिया है. पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अतीक और मुख्तार जैसे माफियाओं के साम्राज्य को खत्म किया है. पूजा पाल ने आरोप लगाया कि अतीक अहमद समाजवादी पार्टी के संरक्षण में रहकर देश को खोखला कर रहा था और वह सपा का एक बड़ा फाइनेंसर था.
ADVERTISEMENT
सबसे पहले जानिए पूजा पला ने क्या कहा?
पूजा पाल ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव के उस बयान पर भी पलटवार किया जिसमें सत्ता आने पर अतीक की मौत का बदला लेने की बात कही गई थी. पूजा पाल ने कहा कि ये शब्द रामगोपाल यादव के हैं लेकिन विचार अखिलेश यादव के हैं. उन्होंने दावा किया कि सपा का पूरा सिस्टम अपराधियों को बचाने में लगा रहता है और अखिलेश यादव अतीक की कब्र पर फातिया पढ़ने भी जाते हैं. पूजा पाल ने यहाँ तक कह दिया कि अगर आज प्रदेश में योगी सरकार न होती तो उनकी हत्या हो चुकी होती.
सपा नेता मो. इरफान ने दी तीखी प्रतिक्रिया
पूजा पाल के इन आरोपों पर समाजवादी पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव मो. इरफान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार बदलने पर अतीक अहमद की हत्या और फर्जी एनकाउंटरों की जांच कराई जाएगी. उन्होंने पूजा पाल को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें अपने पति राजू पाल की मौत के बाद मिली सहानुभूति की लहर को नहीं भूलना चाहिए जिसके दम पर वह विधायक बनीं. सपा नेताओं का कहना है कि पूजा पाल का बयान केवल राजनीतिक ध्रुवीकरण की एक कोशिश है.
AIMIM ने पूजा पाल को बताया अहसान फरामोश
AIMIM नेता इसरार अहमद ने पूजा पाल के बयान को पूरी तरह राजनीति से प्रेरित बताया है. उन्होंने पूजा पाल को अहसान फरामोश कहते हुए कहा कि वह मुसलमानों के वोट से विधायक बनीं और आज उन्हीं के नेताओं को अपमानित कर रही हैं. इसरार अहमद ने सवाल उठाया कि जो शख्स सांसद और विधायक रहा हो और जिसकी मौत पर संसद में शोक सभा हुई हो उस पर फिल्म के जरिए विदेशी कनेक्शन के आरोप लगाना गलत है. उन्होंने मांग की कि अगर पूजा पाल में नैतिकता है तो उन्हें पहले विधायक पद से इस्तीफा देना चाहिए.
ADVERTISEMENT


