Ghaziabad: सूर्या चौहान के बाद एक और मर्डर से हिला गाजियाबाद, पैरा एथलीट चिराग त्यागी की गोली मारकर हत्या, जानें क्या है पूरा मामला

Ghaziabad: गाजियाबाद के साईं कुंज इलाके में 24 साल पैरा एथलीट चिराग त्यागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है, जिन्होंने हाल ही में पैरा एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई किया था.

एथलीट चिराग त्यागी
एथलीट चिराग त्यागी

आकांक्षा ठाकुर

follow google news

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों ने एक और बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. सूर्या चौहान मामले के बाद अब गाजियाबाद में एक होनहार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने की तैयारी कर रहे पैरा एथलीट चिराग त्यागी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई है. 

Read more!

24 साल के चिराग त्यागी का शव गाजियाबाद के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले साईं कुंज इलाके में पड़ा मिला. इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस ने न सिर्फ पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया, बल्कि पूरे खेल जगत को भी स्तब्ध कर दिया है.

जापान एशियन गेम्स के ट्रायल से लौटे थे चिराग

चिराग त्यागी एक बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी थे. उन्होंने हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 400 मीटर की दौड़ में स्वर्ण पदक (Gold Medallist) जीता था. वे इस साल अक्टूबर में जापान में होने वाले पैरा एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने की तैयारी कर रहे थे और अभी हाल ही में बेंगलुरु से अपना ट्रायल देकर वापस लौटे थे.

चिराग के भाई ने बताया कि घटना की सुबह ही चिराग का फोन आया था कि वह बेंगलुरु से लौट आया है और अपने दादाजी (बाबा जी) से मिलने जा रहा है. परिवार का किसी से कोई पुराना विवाद या दुश्मनी नहीं थी, इसलिए इस हत्या की खबर ने सबको झकझोर कर रख दिया.

सीसीटीवी फुटेज से खुला मर्डर का राज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया. पहली नजर में ही साफ था कि चिराग को बेहद करीब से गोली मारी गई थी. पुलिस ने जब आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तो उन्हें एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया जिसकी पहचान 'यश खटीक' के रूप में हुई. पुलिस ने बिना वक्त गंवाए यश खटीक को हिरासत में लिया और जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने जो खुलासा किया उसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई.

क्या था हत्या के पीछे का खौफनाक मोटिव?

पुलिस के मुताबिक, चिराग की हत्या करने वाला यश खटीक कोई बाहरी नहीं, बल्कि उसका अपना पुराना साथी और खुद एक पैरा ओलंपिक खिलाड़ी है. ये दोनों खिलाड़ी 'ब्लाइंड कैटेगरी' के तहत एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में एक साथ हिस्सा लिया करते थे और स्कूल के दिनों से ही साथ में प्रैक्टिस करते थे.

पूछताछ में आरोपी यश खटीक ने बताया कि कुछ समय पहले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का एक मामला सामने आया था. उस दौरान चिराग त्यागी ने यश खटीक के खिलाफ एक शिकायत दर्ज करा दी थी, जिसके कारण यश का क्वालिफिकेशन कैंसिल कर दिया गया और वह खेल प्रतियोगिताओं से बाहर हो गया. 

करियर बर्बाद होने के बाद से ही यश के सिर पर बदले का खून सवार था. उसने चिराग को रास्ते से हटाने के लिए एक अवैध पिस्तौल का इंतजाम किया और मौका पाकर साईं कुंज इलाके में चिराग की गोली मारकर हत्या कर दी.

पुलिस की आगे की कार्रवाई

गाजियाबाद पुलिस ने बताया कि आरोपी यश खटीक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि इस साजिश में यश के साथ कोई और भी शामिल था या नहीं. परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. देश के लिए पदक जीतने का सपना देखने वाले एक होनहार खिलाड़ी की इस तरह हुई दर्दनाक मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.

 

    follow google news