चेतन कुमार की 'चौथी बीवी' का क्या है रहस्य? गाजियाबाद में 3 बच्चियों की मौत के बाद सोसाइटी प्रेसिडेंट और मैनेजर के दावों से मचा हड़कंप

Ghaziabad 3 girls case: गाजियाबाद की भारत सिटी सोसाइटी में तीन सगी बहनों की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. पिता चेतन कुमार की कथित चौथी पत्नी की मौत का रहस्य सामने आने के बाद जांच और गहराती जा रही है. सोसाइटी प्रेसिडेंट और पुरानी सोसाइटी के मैनेजर के दावों ने पुलिस को पुराने मामलों की फिर से जांच करने पर मजबूर कर दिया है.

Ghaziabad triple death case
गाजियाबाद केस में फिर आया नया अपडेट

गौरव कुमार पांडेय

follow google news

गाजियाबाद के भारत सिटी सोसाइटी में तीन मासूम बहनों की मौत का मामला हर गुजरते दिन के साथ और भी उलझता जा रहा है. बच्चियों के पिता चेतन कुमार की तीन पत्नियों की कहानी तो पहले ही चर्चा में थी लेकिन अब एक चौथी बीवी का एंगल सामने आया है, जिसकी मौत सालों पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई थी. सोसाइटी एसोसिएशन के प्रेसिडेंट जय ठाकुर और चेतन की पुरानी सोसाइटी के मैनेजर के बयानों ने पुलिस की जांच की दिशा बदल दी है. आइए विस्तार से जानते हैं पूरी बात.

Read more!

सोसाइटी प्रेसिडेंट जय ठाकुर का बड़ा खुलासा

भारत सिटी सोसाइटी एसोसिएशन के प्रेसिडेंट जय ठाकुर ने यूपी तक से बातचीत करते हुए चौंकाने वाला दावा किया है. उन्होंने बताया कि चेतन की तीन पत्नियों (सुजाता, हिना और टीना) के बारे में तो सब जानते थे, लेकिन अब एक चौथी पत्नी का जिक्र भी सामने आ रहा है. जय ठाकुर ने कहा, 'हमें अब पता चल रहा है कि चेतन की एक चौथी बीवी भी थी, जिसकी मौत पहले ही हो चुकी है. सुना जा रहा है कि वह भी छत या बालकनी से गिरकर ही मरी थी.' उनके इस बयान ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या चेतन के साथ रहने वाली महिलाओं की मौत का कोई पुराना पैटर्न है?

पुरानी सोसाइटी के मैनेजर ने भी की पुष्टि

यूपी तक की टीम जब राजेंद्र नगर स्थित शुभधाम अपार्टमेंट पहुंची, तो वहां के मैनेजर संतोष कुमार ने चेतन के अतीत की एक और संदिग्ध घटना साझा की. मैनेजर ने बताया कि कोविड से पहले चेतन वहां अपनी दो पत्नियों के साथ रहता था.

मैनेजर संतोष कुमार ने बताया, 'एक रात पार्किंग में चेतन की पत्नियां बहुत शोर मचा रही थीं. गार्ड ने देखा कि एक पत्नी की हालत बेहद गंभीर थी. चेतन उसे अस्पताल ले गए और अगले दिन उसकी मौत की खबर आई.' हालांकि उस समय इसे हादसा या बीमारी बताया गया, लेकिन अब 3 बेटियों की मौत के बाद उस घटना को भी शक की निगाह से देखा जा रहा है.

2015 का वो 'सुसाइड' केस और पुलिस की थ्योरी

इस मामले में पुलिस के रिकॉर्ड्स भी जय ठाकुर और मैनेजर के दावों को मजबूती दे रहे हैं. डीसीपी निमेश पाटिल के अनुसार, साल 2015 में साहिबाबाद इलाके में चेतन की एक लिव-इन पार्टनर की छत से गिरने से मौत हुई थी. उस वक्त पुलिस ने इसे आत्महत्या मानकर फाइल बंद कर दी थी, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए पुलिस अब उस पुराने केस के तार भी इस घटना से जोड़कर देख रही है.

क्या था पूरा मामला?

बीती 4 फरवरी को भारत सिटी सोसाइटी की नौवीं मंजिल से गिरकर तीन सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. पिता चेतन कुमार ने इसे 'कोरियन टास्क बेस्ड गेम' का असर बताया था, लेकिन पुलिस की अब तक की जांच में गेम का कोई लिंक नहीं मिला है.

नानी ने की निष्पक्ष जांच की मांग

बच्चियों की नानी सुनीता देवी ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. रोज नए खुलासे और चेतन की 'चौथी पत्नी' की मौत के रहस्य ने पुलिस की जांच को और भी पेचीदा बना दिया है.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: तीन बहनों की मौत, पिता की तीन शादियां…गाजियाबाद ट्रिपल डेथ केस में पुलिस को अब तक ये सब पता चला

    follow google news