रात भर मोबाइल और घर में कोई रोकने वाला नहीं…गाजियाबाद में तीन बहनों की मौत केस में महिला आयोग की अध्यक्ष ने बताई अलग ही थ्योरी

गाजियाबाद की भारत सिटी सोसाइटी में तीन सगी बहनों की मौत के मामले में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की. जांच के बाद उन्होंने माता-पिता की लापरवाही और मोबाइल एडिक्शन को इस दुखद घटना के पीछे की बड़ी वजह बताया है.

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान (फाइल फोटो)
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान (फाइल फोटो)

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Ghaziabad 3 Sisters Death: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में तीन बहनों की मौत की गुत्थी सुलझने के बजाय और उलझती जा रही है. शनिवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान भारत सिटी सोसाइटी पहुंचीं. उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतक बच्चियों के माता पिता से लंबी बातचीत की. इसके बाद बाहर आने पर उन्होंने मीडिया के सामने जो थ्योरी रखी उसने मामले की दिशा ही बदल दी है.

Read more!

महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि घटना में केवल मोबाइल गेम जिम्मेदार नहीं है, इसमें कहीं न कहीं परिवार की बड़ी लापरवाही रही है. बबीता सिंह ने सवाल उठाया कि एक छोटे से घर में रहने के बावजूद क्या किसी की नजर बच्चियों पर नहीं थी? उन्होंने कहा, "बच्चियां रात के 4-4 बजे तक मोबाइल चला रही थीं, क्या घर में कोई टोकने वाला नहीं था?"

कोरियन गेम का जानलेवा एडिक्शन

उन्होंने बताया कि परिजनों से बातचीत के बाद ये सामने आया कि बच्चियां एक 'कोरियन गेम' के लिए इतनी पागल थीं कि वे गेम के लास्ट स्टेज वाले खतरनाक टास्क पूरे कर रही थीं. बबीता सिंह ने इसकी तुलना PUBG जैसे गेम्स से की. उन्होंने हैरानी जताई कि बच्चियां 3 से 4 साल से स्कूल नहीं जा रही थीं फिर भी परिवार ने उन्हें सुधारने के बजाय उनके हाल पर छोड़ दिया.

घटना से सबक लेते हुए उठाया बड़ा कदम

इस घटना से सबक लेते हुए महिला आयोग ने एक बड़ा कदम उठाया है. बबीता सिंह चौहान ने सभी जिला अधिकारियों को पत्र लिखकर निर्देश दिया है कि कक्षा 5 तक के बच्चों को मोबाइल पर होमवर्क या प्रोजेक्ट देना बंद किया जाए. अक्सर माता पिता की शिकायत रहती है कि बच्चे होमवर्क के बहाने घंटों मोबाइल हाथ में रखते हैं और इस दौरान वे क्या देख रहे हैं, इसका पता नहीं चलता.

पुलिस कर रही है हर एंगल से जांच 

मीडिया द्वारा पूछे जाने पर कि क्या पिता की कई पत्नियों और घर के माहौल की वजह से बच्चियां तनाव में थीं, बबीता सिंह ने कहा कि यह पुलिस की जांच का विषय है. हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि तीन बच्चियों का एक साथ चले जाना समाज और माता-पिता के लिए एक गंभीर चेतावनी है. फिलहाल, गाजियाबाद पुलिस घटना की हर एंगल से जांच कर रही है. महिला आयोग की इस 'लापरवाही वाली थ्योरी' ने अब पुलिस जांच में नया मोड़ ला दिया है.

यह भी पढ़ें: इंडियन कहने पर रोने लगती थी... गाजियाबाद में 3 बहनों की मौत पर पिता ने खुलकर दिया जवाब, कर दिया खौफनाक खुलासा

    follow google news