गाजियाबाद में एक ऐसी घटना घट गई जिसने लोनी बॉर्डर थाना इलाके में सनसनी मचा दी. पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी गार्ड ने चौंकाने वाला खुलासा किए हैं. आरोपी ने बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा (36) की हत्या के पीछे की वजह कोई लूट या साजिश नहीं, बल्कि लगातार दोनों के बीच विवाद और गुस्से का फट पड़ना बताया है.
ADVERTISEMENT
आरोपी के मुताबिक, मैनेजर अक्सर डांटते-फटकारते थे. कई बार उनके साथ विवाद और हॉट टॉक भी हुआ था. कई बार अन्य कर्मचारियों, और महिला स्टाफ के सामने भी डांटकर सरेआम बेइज्जती की थी. गार्ड की मानें तो मैनेजर की इन कवायदों को वो लंबे समय से सहन कर रहा था.
घटना वाले दिन हुआ क्या था?
घटना वाले दिन गार्ड रविन्द्र ने छुट्टी ली हुई थी और वह अपने एक साथी के साथ खेत पर मौजूद था. इसी दौरान बैंक मैनेजर का फोन आया, जिसमें उन्होंने उसे छुट्टी करने के कारण पर जमकर डांट दिया. आरोपी का कहना है कि फोन पर मिली फटकार के बाद उसका दिमाग अचानक गर्म हो गया और वह अपना आपा खो बैठा. गुस्से में वह अपने एक साथी के साथ सीधे बैंक पहुंचा और वहां ड्यूटी में इस्तेमाल होने वाली बंदूक उठाई. बिना किसी झिझक के मैनेजर के केबिन में घुसकर गोली चला दी. गोली लगने के बाद बैंक के अंदर अफरा-तफरी मच गई और घायल मैनेजर को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गार्ड मौके से भाग निकला, लेकिन ज्यादा देर तक फरार नहीं रह सका. पुलिस ने उसे रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने गार्ड के साथी को भी गिरफ्तार कर लिया है जो उसके साथ बैंक पहुंचा था.
आरोपी 21 साल तक सेना में रह चुका है
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी करीब 21 साल तक सेना में सेवा दे चुका है और रिटायरमेंट के बाद अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए बैंक में गार्ड की नौकरी कर रहा था. पुलिस अधिकारियों ने जब उससे पूछा कि उसने नौकरी छोड़ने के बजाय यह कदम क्यों उठाया, तो उसने बताया कि वह आर्थिक मजबूरी के कारण नौकरी कर रहा था, लेकिन मैनेजर का छुट्टी को डांटना और अपमान और सार्वजनिक तौर पर की गई बेइज्जती उसके लिए असहनीय हो गई थी, जिसने उसे इस खौफनाक वारदात तक पहुंचा दिया.
घटना का सीसीटीवी भी आया सामने
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी वारदात के बाद बंदूक लेकर शांत तरीके से बैंक से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है. वहीं, पोस्टमॉर्टम के बाद मृतक अभिषेक शर्मा का शव परिजन अपने साथ पटना ले गए हैं, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. यह घटना कार्यस्थल पर बढ़ते मानसिक दबाव और आपसी व्यवहार की गंभीरता को भी उजागर करती है, जहां एक क्षण का गुस्सा एक जिंदगी पर भारी पड़ गया.
ADVERTISEMENT


