गाजियाबाद: फ्लैट में मां की सड़ी हुई लाश और 13वीं मंजिल से कूदा बेटा, महागुनपुरम सोसाइटी के डबल डेथ केस ने सबको चौंकाया

गाजियाबाद की एक हाई-राइज सोसाइटी में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. एक बंद फ्लैट के अंदर बुजुर्ग मां की दो दिन पुरानी सड़ी हुई लाश मिली, जबकि बेटे ने 13वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी. पुलिस इस रहस्यमयी डबल डेथ मिस्ट्री की गुत्थी सुलझाने में जुटी है.

गाजियाबाद
गाजियाबाद

मयंक गौड़

follow google news

गाजियाबाद: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र स्थित महागुनपुरम सोसाइटी में गुरुवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 13वीं मंजिल से गिरकर एक 40 वर्षीय शख्स की मौत हो गई. मृतक की पहचान राजवीर के रूप में हुई है. लेकिन असली खौफनाक मंजर तब सामने आया जब पुलिस राजवीर के फ्लैट के अंदर दाखिल हुई.

Read more!

बेड पर मिली मां की सड़ी हुई लाश

पुलिस जब राजवीर के फ्लैट की जांच करने पहुंची, तो वहां का नजारा देख अधिकारियों के भी रोंगटे खड़े हो गए. कमरे के अंदर बेड पर राजवीर की 70 वर्षीय मां सतनाम कौर का शव पड़ा हुआ था. शुरुआती जांच के अनुसार, मां की मौत करीब दो दिन पहले हो चुकी थी और शव सड़ने लगा था. सवाल यह उठ रहा है कि क्या राजवीर दो दिनों तक अपनी मां की लाश के साथ उसी फ्लैट में रह रहा था?

खुदकुशी या कुछ और?

19 मार्च की दोपहर करीब 1:00 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने 13वीं मंजिल से छलांग लगा दी है. गंभीर रूप से घायल राजवीर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस के मुताबिक, राजवीर अपनी पत्नी से अलग होकर अपनी मां के साथ रह रहा था, जबकि उसकी पत्नी बच्चों के साथ गौर सिटी-2 में रहती थी. पिछले दो दिनों से राजवीर का अपनी पत्नी से भी कोई संपर्क नहीं हुआ था.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

हैरानी की बात यह है कि मां सतनाम कौर के शरीर पर किसी भी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं. पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने की कोशिश कर रही है कि क्या मां की मौत प्राकृतिक थी या इसके पीछे कोई और वजह है. क्या मां की मौत के गम में बेटे ने जान दी या कहानी कुछ और है?

फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि मौत का असली कारण क्या था और दोनों मौतों के समय के बीच कितना अंतर है.

ये भी पढ़ें: 'अपना सेक्सी फोटो भेजो...' अलीगढ़ में रेप पीड़िता से पुलिसकर्मी ने की अश्लील डिमांड, कहा- बस मेरे साथ...तभी मुकदमा लिखवाऊंगा

    follow google news