Ex-Muslim यूट्यूबर सलीम वास्तविक पर हमला करने वाले जीशान का एनकाउंटर, 1 लाख का इनामी था ढेर, सामने आई कट्टरपंथी कुंडली

Salim Vaastavik Attack: गाजियाबाद के लोनी में Ex-Muslim यूट्यूबर सलीम वास्तविक पर जानलेवा हमला करने वाले 1 लाख के इनामी आरोपी जीशान का पुलिस एनकाउंटर में अंत हो गया. 26 फरवरी को हुए हमले के बाद फरार चल रहे जीशान को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया, जबकि उसका भाई गुलफाम फरार है. जानिए पूरी मुठभेड़ की कहानी, हमले की वजह और सलीम वास्तविक की ताजा हालत.

Salim Vaastavik Attack
Salim Vaastavik Attack

बी एस आर्य

follow google news

दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी इलाके में मशहूर यूट्यूबर सलीम वास्तविक उर्फ 'वास्तविक' पर जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी जीशान को पुलिस ने एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया है. जीशान पर पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. 1 मार्च की देर रात हुई इस मुठभेड़ में जीशान मारा गया, जबकि उसका भाई और साथी गुलफाम अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा.

Read more!

कौन था हमलावर जीशान?

जीशान का परिवार मूल रूप से अमरोहा के गजरौला का रहने वाला है, लेकिन 1980 के दशक से वे सैदन गली में बस गए थे. जीशान ने मदरसे से इंटर तक की पढ़ाई की और दो साल तक दीनी तालीम हासिल की थी. शुरुआती जांच में पता चला है कि जीशान बेहद धार्मिक विचारों वाला और कट्टरपंथी सोच का व्यक्ति था. वह अक्सर लंबी दाढ़ी रखता, टोपी पहनता और लोगों से मजहबी बातें किया करता था. सोशल मीडिया पर भी वह धार्मिक पोस्ट साझा करने में काफी सक्रिय था, हालांकि हमले से कुछ दिन पहले उसने अपने अकाउंट इनएक्टिव कर दिए थे. 

हमले की वजह: धार्मिक टिप्पणी से था नाराज?

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जीशान और उसका भाई गुलफाम सोशल मीडिया पर कुछ कट्टरपंथी समूहों से जुड़े हुए थे. दावा किया जा रहा है कि सलीम वास्तविक द्वारा कुछ धार्मिक परंपराओं पर की गई टिप्पणी से जीशान बेहद नाराज था और इसी रंजिश में उसने अपने भाई के साथ मिलकर सलीम को खत्म करने की साजिश रची. 26 फरवरी की सुबह करीब 8 बजे, लोनी के अली गार्डन स्थित ऑफिस में घुसकर इन दोनों ने सलीम पर पेपर कटर और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला किया था.

मुठभेड़ की पूरी कहानी

गाजियाबाद पुलिस को सूचना मिली थी कि 1 लाख का इनामी जीशान दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने के लिए लोनी क्षेत्र में घूम रहा है. लोनी पुलिस और एसओजी की टीम ने निठोरा रोड रेलवे अंडरपास के पास घेराबंदी की. जब बाइक सवार संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी फायरिंग में जीशान को गोली लगी और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मौके से एक इटली मेड 32 बोर की पिस्तौल, जिंदा कारतूस और वही खून से सना पेपर कटर बरामद किया है जिससे सलीम पर हमला हुआ था.

यूट्यूबर सलीम वास्तविक की हालत गंभीर

हमले में गंभीर रूप से घायल हुए सलीम वास्तविक को पहले दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें बेहद नाजुक हालत में दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है. सलीम को कई गहरे जख्म आए थे और वे फिलहाल क्रिटिकल केयर में हैं.

नेटवर्क और फंडिंग की जांच जारी

पुलिस अब इस मामले की जांच कई एंगल से कर रही है. इसमें सबसे महत्वपूर्ण यह है कि आरोपियों को विदेशी पिस्तौल किसने सप्लाई की और क्या उन्हें किसी बड़े नेटवर्क से फाइनेंशियल सपोर्ट मिल रहा था. फरार आरोपी गुलफाम की तलाश में पुलिस की स्पेशल टीमें जुटी हुई हैं. अमरोहा में जीशान के घर पर ताला लटका है और उसके परिजन शव लेने गाजियाबाद रवाना हो चुके हैं.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: बच्चे की चिंता में ट्रेन पकड़ने के लिए दौड़ती रही महिला, दो बार फिसली.. लेकिन किसी ने नहीं की मदद, आगरा कैंट का ये वीडियो कर देगा इमोशनल

    follow google news