'मैं उन सबको राज्यसभा में नंगा कर दूंगा'...गोरखपुर में BJP नेता की हत्या पर भड़के राज्यसभा सांसद राधा मोहन, पुलिस-प्रशासन को खूब सुनाया

गोरखपुर में बीजेपी नेता राजकुमार चौहान की हत्या के बाद सियासी पारा चढ़ गया है. राज्यसभा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद प्रशासन पर जमकर हमला बोला. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वह इस मुद्दे को राज्यसभा में जोरदार तरीके से उठाएंगे.

BJP नेता की हत्या पर भड़के राज्यसभा सांसद राधा मोहन
BJP नेता की हत्या पर भड़के राज्यसभा सांसद राधा मोहन

गजेंद्र त्रिपाठी

follow google news

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बीजेपी नेता और पूर्व पार्षद की हत्या का मामला गर्माया हुआ है. इस घटना को लेकर पूरे इलाके में आक्रोश है. वहीं पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए लोग उनके घर पर पहुंच रहे हैं. इसी क्रम में मंगलवार को बीजेपी के राज्यसभा सांसद और महासचिव डॉक्टर राधा मोहन दास अग्रवाल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. इस दौरान घटना से गुस्साए राधा मोहन दास अग्रवाल ने अपनी ही सरकार और प्रशासन पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा घटना के पीछे जो भी लोग हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए वरना वे राज्यसभा में सबको नंगा कर देंगे.

Read more!

पीड़ित परिवार से मिलने के बाद बीजेपी के राज्यसभा सांसद और महासचिव डॉक्टर राधा मोहन दास अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि राजकुमार चौहान बीजेपी के बहुत पुराने और वरिष्ठ नेता थे. वह मंडल स्तर के पदाधिकारी और पूर्व पार्षद थे. पूरे प्रदेश में चौहान समाज के नौजवान वर्ग के अकेले नेता थे.

राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा गोरखनाथ मंदिर के ठीक पीछे उनकी जघन्य हत्या कर दी गई. दुर्दांत अपराधियों ने उन्हें सिर्फ गोली ही नहीं मारी बल्कि उसके बाद चाकू से गोद-गोद कर उनकी हत्या की. यह उन खूंखार अपराधियों का काम है जिसे हम 'मॉब लिंचिंग' कहते हैं, स्वर्गीय राजकुमार चौहान की एक तरह से 'लिंचिंग' हुई है.

प्रशासन पर उठाए सवाल, कहा सख्त कार्रवाई हो

उन्होंने कहा कि सरकार हमारी है. हम मानते हैं कि लॉ एंड ऑर्डर में पहले से बेहतरी हुई है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि चिराग तले अंधेरा हो जाए. अगर आप सुशासन का प्रमाण पत्र लेते हैं तो उस प्रमाण पत्र की साख को बनाए रखना भी आपकी जिम्मेदारी है. गोरखपुर शहर के अंदर और मंदिर के महज 2 किलोमीटर के दायरे में ऐसी घटना होना गंभीर है. मैं दिल्ली से पार्लियामेंट (संसद) छोड़कर एक नौजवान संघर्षशील नेता के लिए यहां आया हूं.

'मैं उन सबको राज्यसभा में नंगा कर दूंगा' -राधा मोहन दास अग्रवाल

राधा मोहन दास अग्रवाल के अनुसार, मृतक के परिवार वाले व्यक्तिगत रूप से कुछ नहीं चाहते. उनकी बस एक ही मांग है कि अपराधियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि अपराधी कोई भी हो मैं तो नाम भी नहीं जानता, मृतक की पत्नी ने खुदएफआईआर दर्ज कराई है. अब पुलिस का दायित्व है कि आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे.

राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा जो भी इस मामले में लापरवाही करेगा या अपराधियों को बचाने का प्रयास करेगा. मैं उन सबको राज्यसभा में नंगा कर दूंगा. पूरा प्रदेश जानता है कि जब मैं राज्यसभा में खड़ा होता हूं तो क्या करता हूं. मेरे पास संवैधानिक रास्ता है. मैं सबको तितर-बितर कर दूंगा, कोई बचेगा नहीं. मैं संवैधानिक तरीके से लड़ता हूं और प्रशासन को भी समय रहते संवैधानिक तरीके से कार्रवाई कर लेनी चाहिए. मैं इसीलिए यहां आया हूं.

 

 

उन्होंने कहा कि जब सरकार और प्रशासन की नाक के नीचे यह सब हो रहा है तो प्रशासन को जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी. उन्हें सुनिश्चित करना होगा कि परिवार को इतनी आर्थिक मदद दी जाए कि उनका गुजारा हो सके. परिवार बहुत कुछ नहीं मांग रहा है. यदि प्रशासन में थोड़ी भी संवेदना है तो उनकी मांगें पूरी की जानी चाहिए.

'जो भी लापरवाही करेगा, उसे मैं छोड़ूंगा नहीं'

राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि मैंने आग्रह किया है कि कम से कम एक वरिष्ठ अधिकारी यहां आए और माता-पिता के बीच बैठकर सार्वजनिक रूप से अपनी बात कहे. मेरे साथ अकेले में बात करने का कोई मतलब नहीं है. बात सबके सामने होनी चाहिए ताकि कल को कोई अपनी बात से मुकर न सके. मैंने अधिकारियों से कहा है कि वे सबके सामने आकर परिवार को आश्वस्त करें. बाकी मैं लड़ने में सक्षम हूं, जो भी लापरवाही करेगा, उसे मैं छोड़ूंगा नहीं. अभी बातचीत चल रही है, उम्मीद है कि वे मांगों को पूरा करेंगे. पहले देख लिया जाए कि वे क्या कदम उठाते हैं, उसके बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा.

क्या था मामला?

गोरखपुर के चिलुआताल इलाके में पूर्व बीजेपी पार्षद राजकुमार चौहान की उस वक्त हत्या कर दी गई जब वह सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. हमलावरों ने पहले उन्हें गोली मारी और फिर चाकू से कई वार किए. पुलिस जांच में सामने आया कि यह हत्या भतीजे की पुरानी रंजिश का बदला थी, जिसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

यह भी पढ़ें: BJP नेता राजकुमार चौहान की हत्या का खुलासा, भतीजे की दुश्मनी चाचा पर पड़ी भारी, इस वजह से की थी हत्या

    follow google news