इटावा: 2 शादियां, तीसरी के लिए 15 लाख दहेज...किराए के कमरे में रहने वाले IAS प्रीतम निषाद की असली कहानी ने दिया बड़ा झटका

गोरखपुर में शादी के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां खुद को IAS अधिकारी बताकर एक युवक ने युवती से शादी की और लाखों रुपये ठग लिए. विदाई के कुछ घंटों बाद ही दूल्हे की असलियत सामने आने पर परिवार के होश उड़ गए. पढ़ें पूरी खबर.

NewsTak
आरोपी जिसने खुद को IAS बताकर की शादी.

गजेंद्र त्रिपाठी

follow google news

हर पिता का ख्वाब होता है कि बेटी बड़े घर में जाए. उसके पति की कमाई अच्छी हो, परिवार अच्छा और सम्मानित हो और संपन्न भी हो. बिटिया रानी को किसी बात की कोई कमी न हो. एक पिता के इन्हीं ख्वाबों पर झूठ और फरेब का ऐसा षड्यंत्र रचा गया जिससे पूरा परिवार सदमे में है. जिस पिता ने 15 लाख दहेज देने की सोची भी न थी उन्होंने एक अच्छा रिश्ता हाथ से निकल जाने के डर से वो इंतजाम भी कर दिया. अपने सारे सपने गिरवी रख दिए ताकि बिटिया का जीवन खुशियों से भर जाए पर हो गया इसका उल्टा. 

Read more!

ये कहानी है  उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले की. हालांकि कहानी का कनेक्शन इटावा जिले से ही है. इसलिए कहानी इटावा से ही शुरू करते हैं. यहां किराए के एक कमरे में जैसे-तैसे जीवन बिताने वाले प्रीतम कुमार निषाद की 11 मार्च को शादी धूम-धाम से शादी हुई. सभी हैरान थे कि आखिर प्रीतम में ऐसा क्या दिख गया जो उसे 15 लाख रुपए का भारी-भरकम दहेज देकर, बारातियों का ग्रांड वेलकम कर शादी की गई है. एक अच्छे परिवार की खूबसूरत लड़की का हाथ प्रीतम के हाथों में दे दिया गया है. वो प्रीतम जो पहले से ही 2 शादियां कर चुका है. 

सामने आई IAS वाली कहानी 

दरअसल ये कहानी शुरू हुई मेट्रीमोनियल साइट से. गोरखपुर के कैंट थाना इलाके के मोहद्दीपुर का रहने वाला एक परिवार अपने बेटी के लिए एक अच्छा रिश्ता ढूंढ रहा था. मेट्रीमोनियल साइट पर प्रीतम कुमार निषाद का रिश्ता आया. प्रीतम ने खुद को IAS बताया और मणिपुर में पोस्टिंग होना बताया. परिवार को भरोसा देने के लिए उसने अपने कथित इंटरव्यू का वीडियो, कथित दफ्तर के वीडियो और कुछ नेताओं के साथ तस्वीरें शेयर कर दी. ये सब देख परिवार वालों को पूरा भरोसा हो गया कि प्रीतम कुमार IAS हैं. 

कहानी का सबसे दिलचस्प पार्ट...मिल गया आदर्श दामाद 

परिवार में खुशियों की लहर है. पिता किसी भी कीमत पर ये रिश्ता हाथ से जाने नहीं देना चाहते हैं. उन्हें लगता है कि लड़का IAS है तो भारी-भरकम दहेज भी लेगा. इतना पैसा कहां से आएगा. इसी उधेड़बुन में कुछ ऐसा हुआ जिसने लड़की वालों का दिल जीत लिया. प्रीतम ने साफ कह दिया कि वो दहेज के खिलाफ है और ये सब नहीं लेगा. इधर परिवार को और भरोसा हो गया और उन्हें लगा कि अब एक आदर्श दामाद बेटी के लिए मिल चुका है. बस बिटिया का हाथ पीला करने की देर है. 

सगाई से पहले प्रीतम का यू-टर्न 

सगाई के बाद प्रीतम कुमार ने कहा कि वो शादी का खर्च चाहते हैं जो करीब 15 लाख रुपए है. लड़की वालों को लगा कि ठीक है...लड़का IAS है तो बेटी के जीवन में खुशियां रहेंगी. ये मानकार पिता ने हामी भर दी. लड़की वालों का आरोप है कि उन्होंने सगाई पर 10 लाख और तिलक 5 लाख रुपए प्रीतम कुमार को दे दिए. शादी में घर-गृहस्थी के सामान देने के नाम पर प्रीतम ने कहा कि वो बाहर रहता है. ऐसे में ये सामान बाद में दे दिए जाएं.

11 मार्च को धूमधाम से हुई शादी 

11 मार्च 2026 को नंदा नगर स्थित एक मैरिज लॉन में शादी का खास इंतजाम था. प्रीतम कुमार इटावा से बारात लेकर आए. बारात का ग्रांड वेलकम हुआ. पिता ये चाहते थे कि दामाद IAS है...ऐसे में किसी बात की कोई कमी न रह जाए. शादी में लड़की के पिता ने अपनी गाढ़ी कमाई से दहेज समेत कुल 30 लाख रुपए खर्च कर दिए. शादी के बाद बिदाई हुई. 

12 मार्च को विदाई हुई...एक फोन ने सबको हिला दिया 

12 मार्च को विदाई हुई. लड़की वालों की आंखों में बेटी के विदा होने पर आंसू पर चेहरे पर संतोष का भाव था. अचानक बेटी का फोन आया. उसने बताया कि उसे किसी अनजान ने फोन किया था. फोन करने वाले वाले ने कहा कि जिससे शादी हुई है वो कोई IAS नहीं है बल्कि फर्जी है. इस फोन के आते ही सबके पांवों तले जमीन खिसक गई. 

खुद को IAS बताने वाला महज 10वीं पास

परिजन तुरंत इटावा रवाना हो गए. वहां पहुंचते ही सबके होश उड़ गए. जिस युवक ने खुद को IAS बताया था वो एक किराए के कमरे में रहता है और महज 10वीं तक पढ़ा है. लड़की वालों के आते ही अपनी बहन के साथ फरार हो गया. प्रीतम के UP Tak पहुंचा. प्रीतम के जीजा भानु निषाद ने बताया कि वह मछली का व्यापार करते हैं. उन्होंने बताया कि प्रीतम की शिक्षा केवल हाई स्कूल तक ही है. फर्जी तरीके से खुद को गोरा करके इस किराए के घर को उसने अपना घर बताया. गोरखपुर से लड़की पक्ष के लोगों को गुमराह करके उसने शादी कर ली है. जिस दिन शादी हुई है उसके दूसरे दिन जब वो बहू को विदा करके लाया तो पीछे से ही गोरखपुर से बहू के घर वाले भी आ गए. उन्होंने आकर यहां सच्चाई जानने के बाद मारपीट की और अपनी बेटी को अपने साथ वापस ले गए. 

आरोपी प्रीतम की हो चुकी है दो शादी 

बातचीत में पता चला कि आरोपी प्रीतम की पहले भी दो शादियां हुई हैं. इन दोनों शादियों में भी उसने खुद के बारे में झूठी बातें कहकर ठगा है. उसकी पहली शादी औरैया के ग्राम दौलतपुर में हो चुकी है. उसके साथ तलाक भी नहीं हुआ है. प्रीतम की चचेरी बहन रश्मि का कहना है कि वह शादी में गई थी. वहां इस तरह की कोई बात नहीं थी. शादी से पहले भी लड़की वाले यहां घर देखकर गए थे. शादी के बाद यह बखेड़ा खड़ा हो गया. 

दुल्हन ने लगाए बेहद गंभीर आरोप 

इधर दुल्हन ने परिजनों को बताया कि आरोपी ने विदाई के बाद बीच रास्ते में मिसविहैव किया और वो गोवा ले जाकर बेचने की योजना बना रहा था. लड़की के परिजनों ने गोरखपुर के कैंट थाने में तहरीर देकर आरोपी प्रीतम निषाद और उसके परिवार के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज करा दिया है. पुलिस ने धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न और जालसाजी समेत कई धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के अनुसार, आरोपी की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं. जल्द ही आरोपी प्रीतम को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

इटावा से इनपुट: अमित तिवारी

बनारस के UP College में फायरिंग करने वाला चौहान तो गिरफ्तार लेकिन कहां है अनुज ठाकुर?

बहू के किरायेदार से थे अवैध संबंध, सास बनी बाधा तो प्रेमी संग रचा मौत का खेल, वारदात के बाद पुलिस के घूमता रहा आरोपी, इस गलती से पकड़ाया
 

    follow google news