Greater Noida news: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित कासना कोतवाली क्षेत्र के गंगोला गांव में सोमवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
2020 में हुई थी दोनों बहनों की शादी
गाजियाबाद के जावली गांव की रहने वाली दो सगी बहनों तनु और तनीषा का विवाह 6 दिसंबर 2020 को गंगोला गांव के दो सगे भाइयों अमित और सुमित के साथ हुआ था. दोनों बहनें एक ही घर में साथ रहती थीं और दोनों के दो-दो बच्चे हैं.
मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका तनु के भाई तनेश कसाना के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वालों की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी थी. परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में ब्रेजा (Brezza) गाड़ी मांगी गई और बाद में स्कॉर्पियो (Scorpio) कार की मांग को लेकर दोनों बहनों पर दबाव बनाया जाने लगा. मांग पूरी न होने पर प्रताड़ना की बात कही गई है.
मौके पर पहुंचे परिजनों का दावा
सोमवार रात जैसे ही तनु की मौत की सूचना मायके वालों को मिली, वे गंगोला गांव पहुंचे. परिजनों का दावा है कि जब वे वहां पहुंचे तो घर पर ससुराल पक्ष का कोई सदस्य मौजूद नहीं था. साथ ही, मृतका के शरीर पर चोट और मारपीट के निशान देखे गए, जिसके आधार पर उन्होंने निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की मांग की है. घटना के अगले दिन मंगलवार को मायके पक्ष के लोगों ने कासना कोतवाली पहुंचकर अपना विरोध जताया.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
परिजनों की तहरीर के आधार पर कासना कोतवाली पुलिस ने मृतका के पति अमित, देवर सुमित और सास कृष्णा के खिलाफ संबंधित धाराओं में दहेज हत्या का मामला पंजीकृत कर लिया है.
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी रविशंकर निम ने बताया कि शुरुआती जांच में महिला द्वारा आत्महत्या जैसा कदम उठाने की बात सामने आ रही है. हालांकि, परिजनों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कदम उठाया जाएगा.
यह भी पढ़ें: अमरोहा में 3 बहनों का एक ही शख्स से शादी करने की असल कहानी आई सामने, CWC ने उठाए सवाल तो सामने आई सच्चाई
ADVERTISEMENT


