मारपीट की कोशिश, गंदी गालियां और जातिसूचक टिप्पणी... ग्रेटर नोएडा में गार्ड्स के डिलीवरी बॉय को रोकने पर भड़कने वाली महिला पर हो गया एक्शन

अरुण त्यागी

29 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 29 2026 9:21 AM)

Noida Woman Viral Video Update: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली सेंचुरियन पार्क सोसाइटी में एक महिला का गार्ड्स से बदसलूकी और गालियां देने का हाई वोल्टेज ड्रामा सामने आया है. नशे की हालत में गार्ड्स को थप्पड़ और लात मारने का प्रयास करने तथा राजनीतिक टिप्पणी करने के आरोप में बिसरख कोतवाली पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है.

ग्रेटर नोएडा में महिला की दबंगई पड़ी भारी
ग्रेटर नोएडा में महिला की दबंगई पड़ी भारी
Google CTA

Greater Noida Woman Guard Controversy: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक आलीशान रेजिडेंशियल सोसाइटी के गेट पर एक महिला का यह अहंकार और सुरक्षाकर्मियों के साथ किया गया अभद्र व्यवहार अब उसके लिए भारी पड़ गया है. वर्दी पहने सुरक्षाकर्मियों पर लात-थप्पड़ चलाने का प्रयास करने और खुलेआम गालियां देने वाली इस महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और बिसरख कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया.

Read more!

डिलीवरी बॉय की एंट्री को लेकर भड़का विवाद

पूरा मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट (टेकज़ोन-4) स्थित आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसाइटी का है. मिली जानकारी के मुताबिक, सोसाइटी के एक फ्लैट में रहने वाली महिला ने ऑनलाइन सैनिटरी पैड और खाने-पीने का सामान ऑर्डर किया था. जब डिलीवरी बॉय सामान लेकर सोसाइटी के मुख्य गेट पर पहुंचा, तो ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने नियमों के मुताबिक वेरिफिकेशन और एंट्री प्रक्रिया के लिए उसे रोक लिया.

डिलीवरी बॉय को रोके जाने की खबर मिलते ही महिला भड़क उठी और सीधे फ्लैट से नीचे गेट पर आ पहुंची. प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के अनुसार महिला शराब के नशे में धुत थी.

गार्ड्स को दीं गालियां, थप्पड़ और लात मारने की कोशिश

नीचे आते ही महिला ने बिना कुछ सुने ड्यूटी पर तैनात गार्ड्स से गाली-गलौज शुरू कर दी. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला ने न सिर्फ गार्ड्स के साथ जातिसूचक शब्दों और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि कुर्सी पर बैठे एक गार्ड को लात और थप्पड़ मारने की भी कोशिश की.

महिला लगातार अपनी पहुंच का धौंस जमाते हुए गार्ड्स को जूते साफ करवाने की धमकियां देती रही. वहां मौजूद अन्य लोगों ने जब इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला तो देखते ही देखते यह वायरल हो गया.

अखिलेश यादव पर टिप्पणीको लेकर सपा नेता पहुंचे थाने

हंगामे के दौरान महिला ने समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नाम लेकर भी अमर्यादित और राजनीतिक टिप्पणियां कर डालीं. इसके बाद मामला राजनीतिक रूप से तूल पकड़ गया.

समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अक्षय चौधरी की अगुवाई में दर्जनों सपा कार्यकर्ता बिसरख थाने पहुंचे और महिला के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. सपा नेताओं का कहना था कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी भी दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ इस तरह की अमर्यादित भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की.

बिसरख पुलिस ने लिया एक्शन, महिला गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सेंट्रल नोएडा और एसीपी कमलेश कांत ने तुरंत संज्ञान लिया. बिसरख कोतवाली पुलिस ने सुरक्षाकर्मियों और वादी की तहरीर के आधार पर मामला पंजीकृत करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला का शांति भंग की धाराओं के तहत चालान कर दिया गया है, जबकि राजनीतिक टिप्पणी से जुड़े पहलुओं की तकनीकी जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें: 'मैं अनपढ़ नहीं, सब इंस्पेक्टर हूं...', आपत्तिजनक रील और चैट के आरोपों पर पहली सामने आई अनु कॉलिस, रो-रोकर बयां किया दर्द