Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के बदनौली गांव में दो दिन पूर्व छिड़े खूनी संघर्ष ने अब तनावपूर्ण मोड़ ले लिया है. पुराने मुकदमे की रंजिश और बाइक हटाने को लेकर शुरू हुए विवाद के दौरान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक दीपक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मेरठ के अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे दीपक की मृत्यु के बाद पूरे इलाके में मातम के साथ भारी आक्रोश फैल गया है.
ADVERTISEMENT
एंबुलेंस पहुंची तो लगा लोगों का हुजूम, प्रतिमा के पास ले जाने की मांग
अस्पताल से जैसे ही दीपक का पार्थिव शरीर एंबुलेंस के जरिए बदनौली गांव लाया गया, वहां मौजूद ग्रामीणों और युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा. परिजनों और स्थानीय लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. एंबुलेंस के गांव पहुंचते ही भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और मांग करने लगे कि अंतिम संस्कार से पूर्व शव को हापुड़ चौराहे पर स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास ले जाया जाए, ताकि वहां से आशीर्वाद प्राप्त कराया जा सके.
पुराने मुकदमे और बाइक टकराने से शुरू हुआ था खूनी खेल
घटना की शुरुआत 4 सितंबर की सुबह हुई थी, जब बदनौली गांव में दो पक्षों (जाट समुदाय और दलित समुदाय) के युवाओं के बीच पुरानी रंजिश और बाइक टकराने को लेकर कहासुनी हो गई. पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस चार्जशीट दाखिल कर चुकी थी. लेकिन दोबारा हुई कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर व ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं.
हिंसा और पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ था. इस भीषण गोलीबारी व पथराव की चपेट में आकर दीपक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें तत्काल मेरठ रेफर किया गया था.
पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 13 नामजद, अवैध असलाह और स्कॉर्पियो बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. नगर कोतवाली पुलिस ने 13 नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब तक 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है. आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल अवैध असलाह, जिंदा कारतूस, खोखा और एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की गई है. बाकी बचे फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की 5 अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह विवाद मुख्य रूप से दो परिवारों के बीच का झगड़ा है और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कदम उठाए जाएंगे.
लापरवाही पर बड़ा एक्शन: CO का तबादला, कोतवाल लाइन हाजिर
घटना में बरती गई लापरवाही और उपजे भारी तनाव के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. शासन व प्रशासन ने तुरंत कड़ा संज्ञान लेते हुए सीओ सिटी का तबादला कर दिया है. वहीं हापुड़ नगर कोतवाल को लाइन हाजिर किया गया है. इसके अलावा संबंधित चौकी प्रभारी (SO) और हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है.
फिलहाल, गांव में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टालने के लिए तीन जिलों की पुलिस फोर्स, भारी पुलिस बल और आला अधिकारी मौके पर तैनात हैं तथा गांव की सीमाओं पर बाहरी लोगों का प्रवेश बंद कर दिया गया है.
ADVERTISEMENT


