हापुड़ के शमशान घाट से जलती चिताओं से खोपड़ियां और हडि्डयां गायब हो रही थीं. इस बात का खुलासा तब हुआ जब एक 16 साल के किशोर की मौत के बाद अंतिम संस्कार किया गया. पेट की गंभीर बीमारी से पीड़ित शुभांशु के अंतिम संस्कार के बाद परिजन घर लौट गए. इनके जाते ही तीन लोग बाइक से आए और सुलगती चिता में कुछ ढूंढने लगे. जब आसपास लोगों ने देखा और आपत्ति की तो वे भाग गए. फिर वहां सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. तब जाकर असली कहानी सामने आई.
ADVERTISEMENT
हापुड़ के देहात थाना क्षेत्र में रहने वाले 16 साल के शुभांशु को पेट की गंभीर बीमारी थी. वो इंटरमीडिएट का छात्र था. उसकी तबीयत बिगड़ने पर मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. परिजनों ने रविवार को उसका अंतिम संस्कार गांव लोधीपुर के श्मशान घाट में कर दिया. चिता अभी सुलग ही रही थी तभी परिजन घर लौट गए. उनके जाते ही तीन लोग बाइक से पहुंचे और सुलगती चिता से छेड़छाड़ करने लगे. लोग वहां पहुंचे तो आरोपी चिता से कुछ लेकर भाग गए. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो मामले का खुलासा हुआ.
पुलिस तीनों आरोपियों तक पहुंची तो सामने आई कहानी
यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी. पुलिस ने एक बुजुर्ग सहित तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू किया. जिसके बाद आरोपी युवक अमन ने पुलिस को पूरी कहानी बताई. आरोपियों के पास से पुलिस ने 50 से ज्यादा महिलाओं की तस्वीरें बरामद की हैं.
वशीकरण के खेल का चौंकाने वाला खुलासा
अमन त्यागी से जब पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि तांत्रिक युवतियों पर तंत्र क्रिया करता था. 50 लड़कियों और युवकों की तस्वीरों पर आरोपी तांत्रिक तंत्र क्रिया कर रहा था. पुलिस अब पता लगा रही है कि ये कौन लोग हैं जिनपर ये तंत्र क्रिया की जा रही थी और किसके कहने पर तांत्रिक ये सब कर रहा था.
अमन एक युवती और उसके पिता को वश में करना चाहता था
अमन त्यागी एक युवती और उसके माता-पिता को वश में करना चाहता था. वह चाहता था कि युवती और उसका परिवार उसपर लट्टू हो जाए. इसी सनक में वो तांत्रिक अवधेश शर्मा तक पहुंचा. तांत्रिक ने दावा किया कि वो ऐसा तंत्र क्रिया करेगा कि जिस युवती को वो पसंद करता है वो उसपर अपना जान छिड़कने लगेगी. उसका परिवार भी अमन पर लट्टू हो जाएगा और सभी उसके कदमों में आ जाएंगे.
तांत्रिक ने कहा-जलती चिता से खोपड़ी लाओ
तांत्रिक अवधेश शर्मा ने अमन से कहा कि तंत्र क्रिया करने के लिए किसी जलती चिता से मानव खोपड़ी लेकर आओ. इसलिए अमन अपने दोस्त अयान के साथ रात के अंधेरे में तांत्रिक के पास पहुंचा. फिर तीनों शमशान गए. वहां 16 साल के शुभांशु का शव अंतिम संस्कार के लिए लाया गया. तीनों छुपकर अंतिम संस्कार का इंतजार करने लगे. जैसे ही मृतक शुभांशु के परिजन चिता जलने के बाद गए, तभी आरोपियों को मौका मिल गया. उन्होंने तुरंत चिता के पास पहुंचकर सुलग रही चिता से हडि्डयां इकट्ठा करना शुरू कर दिया. तभी कुछ लोग वापस लौट आए. लोगों को आता देख तीनों हडि्डयां लेकर फरार हो गए.
अचूक वशीकरण के चक्कर में तांत्रिक अवधेश का फूटा भांडा
अवधेश ऐसे युवाओं को अपने जाल में फंसाता था. वो अचूक वशीकरण का वादा करता था. आरोपी युवाओं की पसंद की लड़की को वश में कर लेने की बात कहता था और उनकी तस्वीर पर तांत्रिक क्रिया करता था.
हापुड़ देहात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने पर त्वरित कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. सिर काटकर ले जाने की बात गलत है, शव पूरी तरह से जल चुका था. आरोपी चिता से कुछ हड्डियां और राख बटोरकर ले गए थे.
ADVERTISEMENT


