Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ अवैध संबंधों के शक और आपसी विवाद में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. मंगोलापुर के जंगल में 36 वर्षीय कोमल का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और परिजनों की शिकायत के आधार पर महज 4 घंटे के भीतर आरोपी पति सत्यपाल को गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया.
ADVERTISEMENT
एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और आपसी विवाद
देहात कोतवाली क्षेत्र के मंगोलापुर गांव की रहने वाली 36 वर्षीय कोमल की शादी सत्यपाल से हुई थी और दोनों के चार बच्चे हैं. परिजनों के अनुसार, सत्यपाल के किसी अन्य महिला से अवैध संबंध थे और वह उसे अपने घर में भी रखता था. कोमल जब इसका विरोध करती तो दोनों में विवाद होता. रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर कोमल पति का घर छोड़कर संडीला स्थित एक प्लाईवुड फैक्टरी में काम करने लगी थी. दूसरी ओर, पूछताछ में सत्यपाल ने आरोप लगाया कि संडीला रहने के दौरान कोमल के भी किसी अन्य पुरुष से संबंध हो गए थे, जिसे लेकर उसके मन में नफरत भर गई थी.
बीच सड़क पर पिटाई और अस्पताल से अपहरण
14 अगस्त को कोमल अपने सबसे छोटे बेटे के साथ बच्चों से मिलने गांव मंगोलापुर आई थी. लालपालपुर चौराहे पर सत्यपाल से उसकी मुलाकात हुई, जहाँ दोनों में बहस के बाद मारपीट शुरू हो गई. स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर घायल कोमल को सौश्या संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया. कुछ समय बाद आरोपी पति सत्यपाल अपने भाई के साथ अस्पताल पहुंचा और कोमल को बेहतर इलाज कराने का भरोसा दिलाकर अपने साथ ले गया.
जंगल में बेरहमी से पिटाई के बाद दुपट्टे से हत्या
अस्पताल से बाहर ले जाने के बाद सत्यपाल कोमल को मंगोलापुर के जंगल की ओर ले गया. वहाँ उसने पहले कोमल को बेरहमी से पीटा और जब वह बेबस हो गई, तो उसी के दुपट्टे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी शव को जंगल में फेंककर फरार हो गया. 15 अगस्त को पुलिस को जंगल में महिला का शव मिला. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई और मृतका के शरीर पर चोटों के 14 निशान मिले.
सीसीटीवी फुटेज से खुली पोल, 4 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर साफ दिखा कि सत्यपाल ही अपनी पत्नी कोमल को अपने साथ ले गया था. मृतका की बहन की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने 4 घंटे के भीतर आरोपी सत्यपाल को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इस घटना में एक अनोखा पहलू यह भी सामने आया कि तीन सगे भाइयों की शादी तीन सगी बहनों से हुई थी, जिनमें से एक पति ने अपनी ही पत्नी-साली की हत्या कर दी. फिलहाल आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: 'मूड खराब कर दिया...' हनीमून पर दुल्हन को आ गए पीरियड्स तो पति ने की हैवानियत, होटल स्टाफ ने बचाई जान
ADVERTISEMENT


