सपा नेता का भगवान राम पर अमर्यादित बयान, हरदोई पुलिस ने यदुनंदन लाल वर्मा को किया गिरफ्तार, अखिलेश की पार्टी ने झाड़ा पल्ला

SP leader controversial statement: यदुनंदन लाल वर्मा द्वारा भगवान राम और माता कौशल्या पर दिए गए आपत्तिजनक बयान के बाद उत्तर प्रदेश के हरदोई में बवाल मच गया. वीडियो वायरल होते ही यूपी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. वहीं सपा ने बयान से किनारा करते हुए कार्रवाई की बात कही. जानिए पूरा मामला, गिरफ्तारी, राजनीतिक प्रतिक्रिया और बढ़ता विवाद.

Yadunandan Verma arrest
Yadunandan Verma arrest

प्रशांत पाठक

follow google news

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में समाजवादी पार्टी के एक पूर्व पदाधिकारी द्वारा भगवान श्री राम और माता कौशल्या को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान ने सियासी और सामाजिक गलियारों में उबाल ला दिया है. सपा के पूर्व प्रदेश सचिव यदुनंदन लाल वर्मा ने एक सार्वजनिक मंच से रामायण का हवाला देते हुए बेहद अमर्यादित टिप्पणी की, जिसके बाद हिंदू संगठनों और आम जनता में भारी आक्रोश फैल गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए हरदोई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नेता को गिरफ्तार कर लिया है.

Read more!

मंच से दिया बयान और गिरफ्तारी

घटना हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र के अटवा खेरवा गांव की है, जहां सम्राट अशोक की जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसी कार्यक्रम में भाषण देते हुए यदुनंदन लाल वर्मा ने माता कौशल्या और भगवान राम के जन्म को लेकर आपत्तिजनक बातें कहीं. रामनवमी के दिन जब इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो विवाद खड़ा हो गया. पुलिस ने हरपालपुर थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी नेता को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया.

समाजवादी पार्टी ने दी सफाई, पार्टी से निकाला

विवाद बढ़ता देख समाजवादी पार्टी ने तुरंत इस बयान से खुद को अलग कर लिया. सपा के जिला अध्यक्ष शराफत अली ने स्पष्ट किया कि यह यदुनंदन लाल वर्मा का निजी बयान है और पार्टी ऐसी बयानबाजी की कड़ी निंदा करती है. जिला अध्यक्ष ने यह भी कहा कि वर्मा वर्तमान में पार्टी में किसी भी पद पर नहीं थे और उनकी सक्रिय सदस्यता को समाप्त करने के लिए प्रदेश नेतृत्व को पत्र लिखा गया है. सपा नेताओं का कहना है कि यदुनंदन लाल वर्मा पूर्व में बसपा और कल्याण सिंह की पार्टी में भी रह चुके हैं और उनकी निष्ठाएं बदलती रहती हैं.

पुराना है विवादित बयानों का नाता

यह पहली बार नहीं है जब यदुनंदन लाल वर्मा ने अपनी जुबान से जहर उगला हो. जानकारों के मुताबिक, वे पहले भी इस तरह की विवादित बयानबाजी के लिए चर्चा में रहे हैं और उन पर पूर्व में भी कार्रवाई हो चुकी है. उत्तर प्रदेश की राजनीति में स्वामी प्रसाद मौर्य के बाद अब हरदोई के इस नेता द्वारा रामचरितमानस और हिंदू देवी-देवताओं पर की गई टिप्पणी ने एक बार फिर सियासी मर्यादा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस अब इस मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है.

यहां देखें वीडियो

UP Panchayat Election: विधानसभा चुनाव के बाद होंगे पंचायत चुनाव? ओपी राजभर के बयान से मची खलबली

    follow google news