रिश्तों के ताने-बाने से जुड़ी एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने लोगों को सोच में डाल दिया है. उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र से एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां 'पति, पत्नी और वो' का नया समीकरण देखने को मिला. जिस युवक को पति कभी अपना माना हुआ भाई कहता था, वही बाद में पत्नी का प्रेमी बन गया. लेकिन कहानी में असली मोड़ तब आया जब पति ने रिश्ते को ठुकराने के बजाय पत्नी और उसके प्रेमी दोनों के साथ एक ही छत के नीचे रहने का फैसला कर लिया.
ADVERTISEMENT
भाई जैसा रिश्ता और बदली प्रेम की कहानी
महमूदाबाद के रहने वाले शुभम वर्मा का नितिन नाम के युवक से काफी गहरा लगाव था. शुभम उसे अपने भाई की तरह मानता था. नितिन का उसके घर में इतना बेझिझक आना-जाना था कि वह अक्सर वहीं ठहरता और परिवार के साथ बैठकर खाना-पीना करता. इसी मेल-जोल के बीच शुभम की पत्नी अंजू और नितिन एक-दूसरे के करीब आ गए. धीरे-धीरे यह नजदीकी प्यार में बदल गई और पूरे परिवार का समीकरण ही उलट गया.
पति और पत्नी, दोनों तीनों के साथ रहने पर अड़े
आमतौर पर ऐसी स्थिति में पति-पत्नी के बीच अलगाव या भारी विवाद देखने को मिलता है, लेकिन यहां मामला बिल्कुल उलट निकला. शुभम न तो अपनी पत्नी को छोड़ना चाहता है और न ही नितिन से अपना रिश्ता तोड़ना चाहता है. उसका कहना है कि अगर जरूरत पड़ी तो वह तीनों के साथ रहने के लिए अलग घर ले लेगा.
वहीं अंजू ने साफ कर दिया है कि वो अपने पति शुभम और प्रेमी नितिन, दोनों के साथ ही रहना चाहती है. इस दंपती के दो छोटे बच्चे भी हैं, जिन्हें वे अपने ही साथ रखने की बात कह रहे हैं.
घर की कलह पहुंची पुलिस की चौखट तक
शुरुआत में परिवार वाले शायद इस अजीब स्थिति को सहते रहे, लेकिन समय के साथ विरोध की चिंगारी भड़क उठी. परिजनों ने साफ कह दिया कि यह सामाजिक और पारिवारिक ताने-बाने के खिलाफ है और तीनों को एक साथ घर में रखने से इनकार कर दिया.
घर की चारदीवारी से निकलकर यह विवाद महमूदाबाद कोतवाली पहुंच गया. कोतवाली में कोतवाल भानु प्रताप सिंह की मौजूदगी में दोनों पक्षों को बैठाकर घंटों पंचायत चली. पुलिस ने सभी को समझाने और कोई समझदारी भरा रास्ता निकालने की पूरी कोशिश की, लेकिन तीनों अपनी जिद पर अड़े रहे.
पुलिस के मुताबिक, मामले में शिकायत पत्र (एप्लिकेशन) तो मिला है, पर फिलहाल कोई कानूनी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है. रिश्तों का यह अनोखा त्रिकोण पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
ये भी पढ़ें: राष्ट्रगान के दौरान सतीश महाना के वीडियो पर मचा बवाल, आखिर क्या हुआ था उस वक्त? अब खुद सामने आकर बताई पूरी बात
ADVERTISEMENT


