कौन हैं शयान मसूद, जिन्होंने कांग्रेस सांसद और ससुर इमरान मसूद से बनाई दूरी, थामा अखिलेश यादव का हाथ, जानें क्या है पूरी कहानी?

राहुल कुमार

• 01:23 PM • 22 Aug 2026

Shayaan Masood Samajwadi Party: सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को उनके ही दामाद शयान मसूद ने बड़ा राजनीतिक झटका दिया है. अखिलेश यादव के खिलाफ बयानबाजी करने वाले इमरान मसूद से किनारा कर शयान मसूद समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं. जानिए इस पारिवारिक और सियासी घमासान की पूरी कहानी.

इमरान मसूद को दामाद शयान मसूद ने दिया बड़ा सियासी झटका
इमरान मसूद को दामाद शयान मसूद ने दिया बड़ा सियासी झटका
Google CTA

Imran Masood Damad Shayaan Masood News: उत्तर प्रदेश की राजनीति और खास तौर पर वेस्ट यूपी के सियासी गढ़ सहारनपुर में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. कांग्रेस के कद्दावर नेता और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद के सगे दामाद शयान मसूद ने अपने ससुर की विचारधारा से किनारा करते हुए समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है. अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा में शामिल हुए शयान मसूद के इस कदम को इमरान मसूद के लिए एक बड़े राजनीतिक और पारिवारिक झटके के तौर पर देखा जा रहा है.

Read more!

काजी राशिद मसूद की विरासत और पारिवारिक सियासत

सहारनपुर की राजनीति में जब भी चर्चा होती है, तो पूर्व केंद्रीय मंत्री काजी राशिद मसूद के नाम का जिक्र प्रमुखता से आता है. काजी राशिद मसूद के पोते शयान मसूद पूर्व में सपा सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री भी रह चुके हैं. वहीं इमरान मसूद, काजी राशिद मसूद के भतीजे हैं. लंबे समय से मसूद परिवार के भीतर राशिद मसूद की असली राजनीतिक विरासत को लेकर एक अनकही जंग जारी थी.

जब इमरान मसूद की बेटी से शयान मसूद का विवाह हुआ, तो लगा कि परिवार के दोनों धड़े एक हो चुके हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव में शयान मसूद ने इमरान मसूद के लिए जमकर चुनाव प्रचार भी किया था. हालांकि, यह एकजुटता ज्यादा समय तक कायम नहीं रह सकी.

चुनाव न लड़ाने का बयान बना बगावत की वजह

इस सियासी दरार की मुख्य वजह इमरान मसूद का वह हालिया बयान बना जिसमें उन्होंने कहा था कि वे 2027 के विधानसभा चुनाव में अपने परिवार के किसी भी सदस्य को चुनाव नहीं लड़ाएंगे. इमरान मसूद का कहना था कि पार्टी कार्यकर्ताओं के एहसान को उतारने के लिए वे बाहरी साथियों को मौका देंगे.

इमरान के इस बयान ने शयान मसूद और उनके समर्थकों की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं पर पानी फेर दिया, क्योंकि शयान मसूद चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे. इसी बयान के बाद से ही दोनों के रास्ते अलग होने लगे और आखिरकार शयान मसूद ने अखिलेश यादव का हाथ थाम लिया.

ससुर पर साधा निशाना, बताया वैचारिक मतभेद

सपा में शामिल होने के बाद शयान मसूद ने सीधे तौर पर अपने ससुर इमरान मसूद पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि वे इमरान मसूद की विचारधारा से इत्तेफाक नहीं रखते. शयान मसूद का आरोप है कि जो नेता बीजेपी को हराने की बात करते हैं, वही अगर अखिलेश यादव पर हमला करेंगे, तो इससे सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी को फायदा पहुंचेगा.

सहारनपुर में हाल के दिनों में इमरान मसूद और सपा के वरिष्ठ नेताओं व विधायकों जैसे आशु मलिक के बीच जुबानी जंग देखने को मिली है. अब दामाद के ही सपा के साथ चले जाने से सहारनपुर में काजी राशिद मसूद की विरासत की लड़ाई और ज्यादा दिलचस्प व उलझ गई है.

कौन हैं शयान मसूद?

आपको बता दें कि शयान मसूद सहारनपुर के चर्चित मसूद परिवार से आते हैं. वे पूर्व केंद्रीय मंत्री काजी राशिद मसूद के पोते हैं. शयान सहारनपुर लोकसभा सीट से वर्तमान कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दामाद हैं. वे मसूद पहले समाजवादी पार्टी सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री रह चुके हैं. एक बार अब फिर दोबारा शयान मसूद सपा में शामिल हो गए हैं.


यह भी पढ़ें: भैया सरकार बनाओ, मेरी सोने की बालियां ले लो... अखिलेश यादव से भावुक अपील करने वाली सपना यादव की पूरी कहानी