मुंह में कपड़ा, गायब गहने और बंद दरवाजा... IPS आशुतोष मिश्रा की मां की कैसे हुई मौत? पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई ये वजह

IPS Ashutosh Mishra Mother Death Ambedkar Nagar: अंबेडकर नगर में IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है. जहां परिजनों ने हत्या और लूट की आशंका जताई थी, वहीं पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है. हालांकि शरीर से गहने गायब होने के सवाल पर पुलिस जांच जारी है. जानिए क्या है पूरा मामला.

IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की मौत मामले में बड़ा खुलासा
IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की मौत मामले में बड़ा खुलासा
Google CTA

IPS Ashutosh Mishra Mother Death Case: उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले में लखनऊ में तैनात सीनियर IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की बुजुर्ग मां की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में एक बड़ा नया मोड़ सामने आया है. जिस घटना को शुरुआत में हत्या और लूट से जोड़कर देखा जा रहा था, पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद उस कहानी में एक अलग तस्वीर सामने आई है. पुलिस के मुताबिक शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है.

Read more!

घर में अकेली रहती थीं IPS अधिकारी की मां

पूरा मामला अंबेडकर नगर के मालीपुर थाना क्षेत्र स्थित धवरवा गांव का है. यहां लखनऊ में तैनात IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की बुजुर्ग मां घर में अकेली रहती थीं. 15 अगस्त के दिन IPS आशुतोष मिश्रा गांव में एक विद्यालय के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे और शाम को वापस लखनऊ लौट गए थे. रविवार की सुबह जब देखभाल करने वाली दाई घर पहुंची, तो दरवाजा बाहर से बंद था. स्थानीय लोगों की मदद से जब दरवाजा खोला गया, तो बुजुर्ग महिला का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ मिला.

हत्या और लूट की जताई गई थी आशंका

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. शुरुआती जानकारी में यह बात सामने आई थी कि महिला के मुंह में कपड़ा ठूसा हुआ था और शरीर पर चोट के निशान थे. इसके अलावा उनके शरीर से गहने भी गायब पाए गए थे. परिजनों और IPS अधिकारी ने आशंका जताई थी कि किसी ने घर में घुसकर हत्या की है और जेवरात लूट लिए हैं. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अयोध्या रेंज के IG समेत पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में खुलासा

पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो घटना के एंगल में बड़ा बदलाव देखने को मिला. तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ किए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में शरीर पर किसी भी तरह की फाइट मार्क्स या गंभीर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम में मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट (हार्ट अटैक) सामने आया है. इसके साथ ही दिल की स्थिति पर पूरी स्पष्टता के लिए हार्ट को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए भेजा जा रहा है और विसरा प्रिजर्व किया गया है.

गायब गहनों पर बनी हुई है उलझन

हालांकि, अगर मौत की वजह हार्ट अटैक है तो उनके शरीर पर मौजूद गहने कैसे और कहां गायब हुए, यह सवाल अब भी बना हुआ है. मालीपुर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाकर खुलासा कर दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: कौन थे ITBP DIG परमिंदर सिंह, जिनकी सहारनपुर हाईवे हादसे में गई जान? जानें कैसे हुआ भीषण एक्सीडेंट