जालौन में 1 लाख के इनामी मोनू यादव का एनकाउंटर, गयादीन हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता है आरोपी

शिवानी गोस्वामी

04 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 4 2026 2:46 PM)

मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात जालौन पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी को पैरों में गोली मारी है. घायल होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है.

मोनू यादव
मोनू यादव
Google CTA

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता और 1 लाख के इनामी बदमाश मोनू यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया. इस एनकाउंटर में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

यह सनसनीखेज वारदात 31 अक्टूबर 2026 की है, जब कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार का अपहरण करने के बाद उनकी निर्मम हत्या कर दी गई थी. इस घटना से पूरे जिले में हड़कंप मच गया था. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई टीमों का गठन किया था, और इस हत्याकांड में शामिल अन्य तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य साजिशकर्ता पवन यादव उर्फ मोनू यादव लगातार फरार चल रहा था.

पुलिस मुठभेड़ और गिरफ्तारी

बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि 1 लाख का इनामी मोनू यादव मददारीपुर रोड से पड़ोसी जिले की तरफ भागने की फिराक में है. सूचना मिलते ही कालपी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया.

पुलिस के मुताबिक, जब आरोपी को रोकने की कोशिश की गई तो उसने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी मोनू यादव के दोनों पैरों में गोली लग गई. पुलिस ने घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

सभी पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोनू यादव मूल रूप से कानपुर का रहने वाला है. इस एनकाउंटर और गिरफ्तारी के साथ ही कालपी बार एसोसिएशन अध्यक्ष हत्याकांड में शामिल सभी पांचों आरोपी अब कानून की गिरफ्त में आ चुके हैं. पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है.

ये भी पढ़ें: Barabanki Accident: बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा, भंडारे से लौट रहे तीन दोस्तों की मौत, एक की हालत गंभीर