कहते हैं इश्क अंधा होता है. लेकिन झांसी के मऊरानीपुर में जो हुआ उसने न केवल इस कहावत को सच्चा साबिक कर दिया है बल्कि एक हंसते-खेलते परिवार को भी उजाड़ दिया. यहां एक 22 साल की नवविवाहिता अपने से दोगुनी उम्र से भी ज्यादा बड़े यानी 55 साल के गांव के प्रधान के साथ फरार हो गई. मामला सिर्फ प्यार का नहीं बल्कि धोखे का भी है, क्योंकि पति का आरोप है कि पत्नी जाते-जाते घर का 'खजाना' भी साफ कर ले गई है.
ADVERTISEMENT
शादी के एक साल भी नहीं बीते कि 'तीसरे' की एंट्री
यह पूरा मामला मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के शिवगंज मोहल्ले का है. पीड़ित पति पुष्पेंद्र वर्मा की शादी साल 2024 में करिश्मा (बदला हुआ नाम) के साथ बड़े अरमानों से हुई थी. लेकिन शादी के कुछ ही वक्त बाद उनकी खुशियों को नजर लग गई. पुष्पेंद्र का आरोप है कि किशोरपुरा गांव के प्रधान वीरेंद्र पाठक का उनके घर आना-जाना शुरू हुआ. धीरे-धीरे प्रधान और करिश्मा के बीच नजदीकियां इतनी बढ़ गईं कि घर में कलह शुरू हो गई.
विरोध किया तो घर छोड़ गई पत्नी
पुष्पेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसने कई बार वीरेंद्र पाठक के आने पर आपत्ति जताई और पत्नी को समझाने की कोशिश की लेकिन प्यार का खुमार ऐसा था कि पत्नी ने पति की एक न सुनी. 29 अप्रैल की शाम जब पुष्पेंद्र घर पर नहीं था तभी मौका पाकर करिश्मा अपने 55 साल के प्रेमी ग्राम प्रधान के साथ फरार हो गई. मोहल्ले के लोगों ने दोनों को साथ जाते देखा, जिससे इस बात की पुष्टि हो गई कि यह सब पहले से प्लान किया गया था.
लाखों की नकदी और गहने ले उड़ी 'लुटेरी दुल्हन'
पीड़ित पति का दर्द सिर्फ पत्नी के जाने का नहीं है बल्कि आर्थिक चोट का भी है. पुष्पेंद्र के मुताबिक, पत्नी घर में रखे करीब 2 लाख 40 हजार रुपये नगद और सोने-चांदी के सारे कीमती जेवर भी अपने साथ ले गई है. अब पीड़ित पति पुलिस के चक्कर काट रहा है और अपनी आपबीती सुनाते हुए न्याय की भीख मांग रहा है.
पीड़ित पति पुष्पेंद्र वर्मा कहते हैं "प्रधान का हमारे घर आना-जाना था जिसका मैंने विरोध भी किया. उसी दिन वह घर आई, थोड़ा रुकी और फिर प्रधान के साथ चली गई. घर से पैसे और जेवर भी गायब हैं."
पुलिस की कार्रवाई
मऊरानीपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिल गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार महिला व ग्राम प्रधान की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल, 33 साल बड़े प्रेमी के साथ फरार हुई इस पत्नी की चर्चा पूरे झांसी में जोरों पर है. लोग हैरान हैं कि महज 22 साल की उम्र में करिश्मा ने अपने भविष्य और मर्यादा को दरकिनार कर 55 साल के शख्स को क्यों चुना.
ADVERTISEMENT


