Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी के महज तीन महीने बाद एक 28 साल की नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. झांसी के एक होटल के बाहर का 47 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें महिला महज कुछ ही सेकंड के अंदर कमरे के दरवाजे पर गिरती हुई नजर आ रही है. इस घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पिता ने अपने ही दामाद पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है.
ADVERTISEMENT
अंदर जाने की कोशिश और फिर हुआ हादसा
यह पूरी घटना झांसी के ऋषभ होटल की बताई जा रही है. वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि कुछ लोग गैलरी से होते हुए कमरे की तरफ बढ़ते हैं. दो लोग कमरे के अंदर दाखिल होते हैं और पीछे से 28 वर्षीय मुस्कान भी अंदर जाने की कोशिश करती है, लेकिन तभी अचानक वह दरवाजे पर गिर पड़ती है. इसके बाद उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया जाता है, जहां डॉक्टर उसे मृत घोषित कर देते हैं. पुलिस ने होटल के रूम नंबर 212 की जांच की है और फुटेज को इस मामले की अहम कड़ी मान रही है.
पिता ने दामाद पर लगाया ये आरोप
मृतका मुस्कान के पिता रामजीलाल अहिरवार ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 29 जून 2026 को मध्य प्रदेश के विदिशा निवासी बैंक मैनेजर नीलेश के साथ हुई थी. पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को परेशान किया जा रहा था. पिता का दावा है कि नीलेश की पहली पत्नी पहले से ही इंदौर में रहती है और वह अक्सर मुस्कान की तुलना अपनी पहली पत्नी से किया करता था. पिता का यह भी आरोप है कि आरोपी पति 23 तारीख की रात उनकी बेटी को यह कहकर ले गया था कि वह उसे अपनी मौसी के घर ले जा रहा है, लेकिन वह उसे होटल में ले गया.
पुलिस कर रही ै मामले की जांच
इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सूचना मिलने पर सीपरी बाजार पुलिस जिला अस्पताल और ऋषभ होटल पहुंची थी. पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज की पुष्टि की है जिसमें महिला के गिरने की बात सामने आ रही है. पुलिस का कहना है कि मृतका के पिता द्वारा जो भी तथ्य और आरोप बताए गए हैं, उनकी गहनता से जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


