Jhansi wedding viral video: 24 मई की रात एक दूल्हा बारातियों के साथ बारात लेकर रीब 11 बजे झांसी के मधुबन गार्डन पहुंचा. गेट पर बारात का जोरदार स्वागत किया गया. इसके बाद बारात वेडिंग हॉल में पहुंची. इस बीच शादी के रस्में शुरू की गई. कुछ मेहमान खाने-पीने में जुट गए और कुछ शादी देखने लगे. देखते ही देखते जयमाला कार्यक्रम भी संपन्न हो गया. लेकिन आरोप है कि इसके तुरंत बाद दूल्हा पक्ष के कुछ लोगों ने दहेज और पैसों की डिमांड कर दी. लड़की पक्ष जब इसका विरोध किया तो माहौल तनावपूर्ण हो गया.
ADVERTISEMENT
कहासुनी से शुरू हुआ ये मामला हाथापाई तक जा पहुंचा. गार्डन में कुर्सियां तक चलने लगीं और शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई. आरोप है कि दूल्हा पक्ष के लोगों ने लड़की के पिता, भाइयों और रिश्तेदारों के साथ मारपीट कर दी. इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया. अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
अधूरी रह गई शादी: न फेरे हुए, न हुई विदाई
इस हिंसक घटना के बाद शादी की बाकी रस्में पूरी नहीं हो सकीं. न सात फेरे हुए और न ही दुल्हन की विदाई हुई. आरोप है कि देर रात दूल्हा पक्ष अपना सामान समेटकर बिना दुल्हन को साथ लिए वहां से चला गया. परिवार का कहना है कि घटना से दुल्हन बेहद सहमी हुई है. उसका कहना है कि जिस परिवार ने शादी के दिन ही उसके पिता और भाइयों के साथ मारपीट की, वहां वह खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर सकती.
छत पर जुआ खेलने के विरोध और लाखों की मांग का आरोप
दुल्हन के जीजा जितेंद्र अहिरवार का कहना है कि शादी समारोह के दौरान कुछ लोग गार्डन की छत पर जुआ खेल रहे थे, जिन्हें रोकने पर विवाद शुरू हुआ. आरोप है कि इसके बाद दूल्हा पक्ष के लोग आक्रामक हो गए और परिवार के सदस्यों को धमकाने लगे. जितेंद्र अहिरवार के मुताबिक, किसी तरह जयमाला कराई गई, लेकिन उसके बाद 5 से 7 लाख रुपये की मांग की गई. जब लड़की पक्ष ने असमर्थता जताई तो मारपीट शुरू हो गई. उन्होंने आरोप लगाया कि दुल्हन के भाइयों और रिश्तेदारों को स्टेज के पीछे ले जाकर पीटा गया, कई लोगों को जमीन पर गिराकर मारा गया और महिलाएं हाथ जोड़कर विवाद शांत कराने की कोशिश करती रहीं.
थाने जाते वक्त भी रोकने की कोशिश-पीड़ित परिवार
अब पीड़ित परिवार ने प्रेमनगर थाने में मामले की शिकायत दर्ज करवाई है. इसमें आरोप लगाया कि घटना के बाद जब वे शिकायत करने प्रेमनगर थाने जा रहे थे, तब रास्ते में 50 से 100 लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की. परिवार के लोग गलियों के रास्ते किसी तरह थाने पहुंचे, लेकिन वहां भी तत्काल सुनवाई नहीं हुई. दुल्हन की तहरीर में आरोप लगाया गया है कि शादी में उनके परिवार के लोगों के साथ मारपीट की गई. उनके भाइयों, जीजा, बहन, भाभी और पिता तक को पीटा गया. शिकायत में कहा गया कि शादी में कार, चार लाख रुपये नकद, कपड़े और अन्य सामान दिया गया था, इसके बावजूद दूल्हा पक्ष लगातार दबाव बना रहा था. लड़की पक्ष ने शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च होने का दावा करते हुए कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग की है.
सीसीटीवी वीडियो बना अहम सबूत, पुलिस जांच में जुटी
इस घटना का सीसीटीवी वीडियो अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है. वीडियो में शादी समारोह के दौरान अचानक हुए हंगामे और मारपीट की घटना दिखाई दे रही हैं. पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने मामले में फिलहाल आरोपी पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT


