हनीमून मनाने गई महिला ने बनाई रील तो उठा ले गई मेरठ पुलिस, फिर सामने आई चौंकाने वाली क्राइम स्टोरी

उस्मान चौधरी

05 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 5 2026 7:21 PM)

Meerut News: मेरठ की एक शातिर महिला अपराधी को पुलिस ने उत्तराखंड के हरिद्वार से गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला की पहचान ज्योति चौधरी के रूप में हुई है. ज्योति की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गई थी और इस दौरान उसने दूसरी शादी भी कर ली. इसके बाद वह अपने पति के साथ हनीमून मनाने हरिद्वार पहुंची, लेकिन एक इंस्टाग्राम रील पोस्ट करना उसे भारी पड़ गया.

हनीमून पर गई महिला ने बनाई रील तो उठा ले गई पुलिस
हनीमून पर गई महिला ने बनाई रील तो उठा ले गई पुलिस
Google CTA

Jyoti Chaudhary Arrest: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में हनीमून मनाने गई एक महिला को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया. बताया जा रहा है कि लंबे समय से फरार चल रही थी. गिरफ्तार महिला की पहचान मेरठ के सरधना क्षेत्र के छुछाई गांव निवासी ज्योति चौधरी के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, ज्योति अपने महंगे शौक और लग्जरी लाइफस्टाइल को पूरा करने के लिए अपराध की दुनिया में उतर गई थी और एक लुटेरी गैंग का संचालन कर रही थी. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात के बाद फरारी के दौरान उसने दूसरी शादी रचा ली और पुलिस को चकमा देते हुए सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम रील्स भी पोस्ट करती रही.

Read more!

12 जून की रात को घटना को दिया अंजाम

यह मामला मेरठ जिले के सरधना इलाके का है. यहां बीते 12 जून की रात को मुजफ्फरनगर के रहने वाले आकाश शर्मा, जो एक नामी डिजिटल कंपनी में टीम लीडर हैं, अपनी बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान सरधना पाली कावड़ पटरी मार्ग के पास दो बाइकों पर सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट कर उनकी बाइक व मोबाइल लूट लिया. पीड़ित आकाश ने पुलिस को बताया था कि इस वारदात को अंजाम देने वाले गैंग में एक लड़की भी शामिल थी.आकाश के मुताबिक लड़की बहुत ही शातिर तरीके से पूरे गैंग को निर्देश दे रही थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग के तीन सदस्यों को पहले ही दबोच लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी ज्योति चौधरी फरार चल रही थी.

रील बनाकर पुलिस को दी थी खुली चुनौती, ऐसे आई पकड़ में

फरारी काटते समय ज्योति चौधरी ने इंस्टाग्राम पर एक रील पोस्ट की, जिसमें फिल्मी डायलॉग 'शाका मारा जा सकता है लेकिन पकड़ा नहीं जा सकता' पर एक्टिंग कर उसने सरेआम पुलिस की कार्यप्रणाली को चुनौती दे डाली. इसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई और उसकी सोशल मीडिया एक्टिविटी पर नजर रखने लगी. इसी बीच ज्योति ने 23 जून को मोहित नाम के युवक से अपनी दूसरी शादी रचाई और हनीमून मनाने हरिद्वार जिले के एक इलाके में चली गई. हरिद्वार के होटलों और वादियों से ज्योति लगातार सोशल मीडिया पर रील्स डाल रही थी. मेरठ पुलिस की टेक्निकल सर्विलांस टीम ने उसकी इन्हीं रील्स और गतिविधियों के जरिए लाइव लोकेशन ट्रेस कर ली और शनिवार सुबह हरिद्वार में अचानक दबिश देकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.

रागिनी डांसर से लुटेरी गैंग की सरगना बनने की कहानी

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में ज्योति चौधरी को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. पुलिस के अनुसार, ज्योति पहले रागिनी कार्यक्रमों में बतौर डांसर काम किया करती थी. उसकी पहले भी एक शादी हो चुकी है. अपनी ऐशो-आराम की जिंदगी, महंगे शौक और सोशल मीडिया पर रील बनाने के चस्के को पूरा करने के लिए उसने शॉर्टकट रास्ता चुना और अपराध की दुनिया में कदम रख दिया. वह अपने मौजूदा गैंग के साथ मिलकर राहगीरों से लूटपाट और चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देने लगी थी. सरेआम पुलिस को ललकारने वाली यह शातिर हसीना अब सलाखों के पीछे है और पुलिस उससे अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है.

यह भी पढ़ें: नोएडा: हनीमून मनाकर लौटी दुल्हन पहुंची थाने, फिर पुलिस को सुनाई दर्दभरी कहानी, बताई पति की एक-एक हरकत