एक तरफ अखिलेश का करीबी परिवार, दूसरी ओर योगी समर्थक घराना, अब दाेनों के बीच जुड़ने जा रहा है रिश्ता, जानें कौन हैं ये परिवार?

• 12:30 PM • 28 Nov 2026

UP News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में दो अलग-अलग खेमों से जुड़े चर्चित परिवारों के बीच नया रिश्ता जुड़ने जा रहा है. गोरखपुर के तिवारी हाता और प्रयागराज के करवरिया परिवार के बीच इस रिश्ते की शुरुआत एक निजी समारोह में हुई. सगाई की तस्वीरें सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं.

तिवारी हाता और करवरिया परिवार के बीच जुड़ा रिश्ता
तिवारी हाता और करवरिया परिवार के बीच जुड़ा रिश्ता
Google CTA

Kandarpa Shankar Tiwari and Sakshi Karwariya Engagement: उत्तर प्रदेश की राजनीति में दो चर्चित परिवारों के बीच जुड़ रहे नए रिश्ते ने सियासी गलियारों में चर्चा तेज कर दी है. दोनों परिवारों की राजनीतिक पहचान अलग-अलग खेमों से जुड़ी रही है, लेकिन अब एक पारिवारिक रिश्ता उन्हें करीब ला रहा है. इस रिश्ते की शुरुआत उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक निजी समारोह के दौरान हुई, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में है.

Read more!

देहरादून में निजी समारोह के बीच हुई रिंग सेरेमनी

जानकारी के मुताबिक, 25 नवंबर को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक निजी और बेहद छोटे समारोह में पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के बेटे कंदर्प शंकर तिवारी और बीजेपी के पूर्व विधायक उदयभान करवरिया की छोटी बेटी साक्षी करवरिया की सगाई संपन्न हुई. इस रिंग सेरेमनी में दोनों परिवारों के बेहद करीबी लोग ही शामिल हुए. समारोह की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद से ही यूपी की सियासत में दो अलग-अलग खेमों के बीच जुड़ रहे इस नए रिश्ते को लेकर कयासों का दौर शुरू हो गया है.

पहले से भी रहे हैं दोनों परिवारों के बीच संबंध

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तिवारी और करवरिया परिवार के बीच यह कोई अचानक बना रिश्ता नहीं है, बल्कि दोनों परिवारों में पहले भी पारिवारिक और वैवाहिक संबंध रह चुके हैं. बताया जा रहा है कि तिवारी परिवार की ओर से साक्षी के लिए विवाह का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे करवरिया परिवार ने स्वीकार किया. हालांकि शादी की तारीख अभी तय नहीं की गई है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों की शादी 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद हो सकती है.

कौन हैं साक्षी करवरिया?

साक्षी करवरिया पूर्व विधायक उदयभान करवरिया की छोटी बेटी हैं. जानकारी के अनुसार, उन्होंने टैगोर पब्लिक स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की, जहां उन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के हाथों सम्मानित भी किया गया था. इसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस में एमए की पढ़ाई की और टॉपर रहीं, साथ ही कुछ समय तक मीडिया में कंटेंट राइटिंग का काम भी किया. बताया जाता है कि जब वे पीएचडी कर रही थीं, उसी दौरान परिवार के सदस्यों के जेल में होने और मां नीलम करवरिया की गंभीर अस्वस्थता के चलते उन्हें पढ़ाई बीच में छोड़कर घर की जिम्मेदारियां संभालनी पड़ीं.

कारोबार से जुड़े हैं कंदर्प शंकर तिवारी

दूसरी तरफ, तिवारी परिवार के चिराग कंदर्प शंकर तिवारी दिवंगत बाहुबली नेता पंडित हरिशंकर तिवारी के पोते और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के बेटे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंदर्प फिलहाल अपना कारोबार संभाल रहे हैं. परिवार की लंबी राजनीतिक विरासत के बावजूद अभी तक उनकी किसी सक्रिय राजनीतिक भूमिका या चुनावी डेब्यू को लेकर कोई सार्वजनिक जानकारी सामने नहीं आई है.

गोरखपुर के तिवारी हाता की सियासी विरासत

गोरखपुर के धर्मशाला बाजार स्थित तिवारी हाता की पहचान पंडित हरिशंकर तिवारी से रही, जिन्होंने 1985 में चिल्लूपार विधानसभा सीट से जीत दर्ज की और लगातार छह बार विधायक चुने गए. वे कल्याण सिंह, राजनाथ सिंह, मायावती और मुलायम सिंह यादव की सरकारों में मंत्री भी रहे. उनकी विरासत को आगे बढ़ाते हुए बेटे विनय शंकर तिवारी 2017 में चिल्लूपार से विधायक बने और 2021 में समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए. 2022 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी सक्रियता और दावेदारी की चर्चा बनी हुई है.

प्रयागराज के करवरिया परिवार का राजनीतिक सफर

प्रयागराज की राजनीति में करवरिया परिवार का खासा प्रभाव रहा है. उदयभान करवरिया बारा सीट से 2002 और 2007 में बीजेपी के विधायक चुने गए, जबकि उनके बड़े भाई कपिल मुनि करवरिया पूर्व सांसद, छोटे भाई सूरजभान करवरिया पूर्व एमएलसी और पत्नी नीलम करवरिया मेजा से विधायक रह चुकी हैं. 1996 के चर्चित जवाहर पंडित हत्याकांड मामले में 2019 में उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद उदयभान करवरिया जेल गए थे और जुलाई 2024 में अच्छे आचरण के आधार पर सजा में छूट मिलने के बाद रिहा हुए. रिहाई के बाद से वे एक बार फिर सियासत में सक्रिय नजर आ रहे हैं.

 
इनपुट: पंकज श्रीवास्तव और आनंद राज

यह भी पढ़ें: पूर्वांचल का सियासी मिजाज: आजमगढ़ से बस्ती और वाराणसी तक, जानें किन दिग्गजों की सीट पर मंडरा रहा है खतरा