कानपुर: पहले आया 'Don't Come' का मैसेज, फिर महिला मित्र के फ्लैट पर 22 साल के संभव खंडेलवाल की संदिग्ध मौत, आखिर वहां क्या हुआ?

सिमर चावला

15 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 15 2026 4:15 PM)

Kanpur Sambhav Khandelwal Death Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर में जानेमाने कागज कारोबारी के 22 वर्षीय इकलौते बेटे संभव खंडेलवाल की छठी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मौत हो गई. युवती के परिवार ने पैर फिसलने से हादसा बताया है, जबकि परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान और 'डोंट कम' मैसेज का हवाला देकर हत्या की आशंका जताई है. पुलिस जांच जारी है.

संदिग्ध परिस्थितियों में फ्लैट से नीचे गिरा युवक
संदिग्ध परिस्थितियों में फ्लैट से नीचे गिरा युवक
Google CTA

Kanpur Businessman Son Sambhav Khandelwal Death Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक नामी कारोबारी के 22 वर्षीय इकलौते बेटे संभव खंडेलवाल की मौत ने हर किसी को हैरान कर दिया है. बताया जा रहा कि  मृतक अपार्टमेंट की छठी मंजिल था और यही से गिरकर उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस शुरुआती तौर पर इसे हादसा मान रही है. हालांकि, मृतक के परिवार ने इस घटना के पीछे संभव के साथ मारपीट और साजिश की आशंका जताई है. इसके साथ ही परिवार ने एक आखिरी मैसेज और फोन का डेटा डिलीट किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए हैं. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.

Read more!

क्या है पूरा मामला और कैसे हुआ हादसा?

यह घटना कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के रुद्रा ग्रीट अपार्टमेंट की है. बताया  जा रहा है कि मृतक संभव खंडेलवाल आर के नगर के रहने वाले थे. वे अपने पिता के बिजनेस में हाथ बटाते थे. परिवार के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे संभव किसी दोस्त से मिलने की बात कहकर अपनी कार से घर से निकले थे. लेकिन इसके महज डेढ़ घंटे बाद ही परिवार के पास एक फोन आया  कि संभव छठी मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घबराए परिजन तुरंत भागते हुए अस्पताल पहुंचे. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने संभव को मृत घोषित कर दिया. जवान बेटे की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया और अब माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है.

फ्लैट के अंदर क्या हुआ था? 

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि संभव अपनी एक महिला मित्र से मिलने उसके फ्लैट पर पहुंचा था. उस वक्त फ्लैट पर युवती के अलावा उसके मामा और छोटा भाई भी मौजूद थे. इस मामले में लड़की के परिवार और संभव के परिजन अगल अलग दावे कर रहे है. चलिए जानते हैं किसका क्या कहाना है. 

लड़की के परिवार ने क्या दावा किया?

युवती के परिजनों का कहना है कि घर के लोग कॉफी पीने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान संभव और छोटा बच्चा गेंद से खेलने लगे. खेलते-खेलते गेंद बालकनी की तरफ चली गई और जब संभव उसे उठाने के लिए आगे बढ़ा तो दीपावली के दियों का तेल गिरा होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह छठी मंजिल से नीचे जा गिरा. उनका दावा है कि यह महज एक दुर्घटना थी.

यह पढ़ें: 3 बच्चों की मां को 13 साल छोटे युवक से हुआ प्यार, फिर थाने में पति ने दे दी साथ रहने की इजाजत

परिजनों की जताई मारपीट की आशंका

दूसरी तरफ संभव के माता-पिता इस थ्योरी को सिरे से खारिज कर रहे हैं. परिजनों का आरोप है कि संभव के दाहिने पैर पर रगड़ के निशान थे, तथा कमर, पीठ और हाथ पर भी चोट के खरोच पाए गए हैं. उनका कहना है कि नीचे गिरने से पहले उसके साथ मारपीट की गई होगी. इसके अलावा, परिवार ने एक और बड़ा दावा किया कि दोपहर करीब 2:00 बजे लड़की के फोन से संभव को एक आखिरी मैसेज भेजा गया था जिसमें लिखा था "डोंट कम" (मत आओ). परिवार सवाल उठा रहा है कि जब संभव पहले से ही फ्लैट पर मौजूद था तो यह मैसेज क्यों भेजा गया और फोन का डेटा डिलीट क्यों किया गया.

पुलिस कर रही हर एंगल से जांच

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर हर एंगल से बारीकी से जांच की जा रही है ताकि यह साफ हो सके कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई गहरा राज छिपा है.

यह भी पढ़ें: घर काम पर निकला था कपिल, रास्ते में पड़ोसी जोगिंदर ने कर दी हत्या, अब सामने आई 7 दिन पुराने विवाद की कहानी