Kanpur HDFC bank dispute: कानपुर के पनकी थाने में एचडीएफसी बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर आस्था सिंह और उनकी पूर्व सहकर्मी रितु त्रिपाठी के बीच 6 जनवरी को चल रहा विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है. आस्था सिंह ने रितु त्रिपाठी और उनके पति ऋषि त्रिपाठी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. इसमें उन्होंने उनपर डराने धमकाने का आरोप लगाया है. वहीं, दूसरी ओर से भी रितु त्रिपाठी के पति ऋषि त्रिपाठी ने मीडिया को बताया कि उन्होंने भी जन सूचना पोर्टल पर आस्था सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.
ADVERTISEMENT
आस्था सिंह का आरोप है कि रितु त्रिपाठी जब अपना इस्तीफा देने बैंक आई थीं, तभी उनके पति ऋषि त्रिपाठी भी वहां पहुंच गए. आरोप के मुताबिक, ऋषि ने बैंक के भीतर घुसकर आस्था के साथ बदसलूकी की और उनकी जाति पूछी. आस्था का कहना है कि इसी तीखी बहस के दौरान उन्होंने अपनी पहचान 'मैं ठाकुर हूं' के तौर पर बताई थी, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया. इस घटना के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच तनाव चरम पर है.
सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोल
वीडियो वायरल होने के बाद से आस्था सिंह सोशल मीडिया ट्रोलिंग का शिकार हो रही हैं. उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वीडियो वायरल होने के बाद लोग उनके चरित्र पर भद्दे कमेंट्स कर रहे हैं जिससे वे मानसिक रूप से आहत हैं. उन्होंने भावुक होकर कहा कि इस अपमान के कारण उनके मन में अब खुद को मारने के विचार आने लगे हैं.
आमने-सामने बैठाकर होगी पूछताछ
पनकी थाना प्रभारी योगेंद्र भदौरिया ने बताया कि उन्हें दोनों तरफ से शिकायतें मिली हैं. पुलिस अब दूध का दूध और पानी का पानी करने के लिए दोनों पक्षों को एक साथ थाने बुलाने की तैयारी कर रही है. उन्होंने कहा कि दोनों को आमने-सामने बैठाकर उनके बयान दर्ज किए जाएंगे ताकि घटना की असल सच्चाई का पता लगाया जा सके. पुलिस बैंक के सीसीटीवी और वायरल वीडियो के तथ्यों की भी पड़ताल करेगी.
क्या था मामला?
आस्था सिंह का आरोप है कि बैंक परिसर में उनसे ऊंची आवाज में सवाल-जवाब किए गए. उनका कहना है कि बातचीत के दौरान उनसे उनकी जाति पूछी गई और कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल हुआ. आस्था के मुताबिक, उन्होंने जाति पूछे जाने पर जवाब दे दिया था. उन्होंने कहा कि विवाद सिर्फ इस्तीफे का मामला नहीं था. उनके अनुसार उसी दिन सुबह रितु त्रिपाठी की बहन बैंक आई थी.
यहां किसी बात को लेकर कहासुनी हुई. आस्था का दावा है कि दोपहर में उसी घटना को लेकर रितु अपने पति के साथ बैंक पहुंची. इसके बाद मामला विवाद में बदल गया. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें नौकरी से निकलवाने की धमकी भी दी गई. आस्था का कहना है कि पूरे मामले को कुछ लोग जातीय और राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं. उनके अनुसार ये मुद्दा एक महिला कर्मचारी की गरिमा और कार्यस्थल की सुरक्षा से जुड़ा है.
यह भी पढ़ें: कानपुर लैंबॉर्गिनी कांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, VIP रोड हादसे का मुख्य आरोपी शिवम मिश्रा गिरफ्तार
ADVERTISEMENT

