Kanpur news: कानपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां के चकेरी की एक महिला का आरोप है कि शादी के बाद कई महीनों तक उसके पति ने उससे शारीरिक संबंध नहीं बनाए. महिला का आरोप है कि वो जब कमरे में होते थे तो पति उनके बीच तकिया रख देता था. इतना ही नहीं कई बार उसकी सास भी पति और पत्नी के बीच में ही सो जाती थी. इस व्यवहार से परेशान होकर महिला ने जब विरोध किया और मायके वालों को बताने की बात कही तब पति ने केवल एक बार शारीरिक संबंध बनाए.
ADVERTISEMENT
मेडिकल फाइल ने खोला पति की बीमारी का राज
महिला ने दावा किया कि एक दिन घर में उसे पति की एक मेडिकल फाइल मिली. इससे जो बातें सामने आईं उसे जानकर महिला के होश उड़ गए. मेडिकल फाइल के मुताबिक पति की दोनों किडनियां खराब थीं. उनका परिवार चुपचाप उनका डायलिसिस करवाता था. महिला ने बताया कि ये बात उससे शादी के समय छिपाई गई थी. इस बीच जब महिला ने इस धोखे को लेकर सवाल किए तो पति ने एक ऐसी मांग रख दी जिसे सुनकर वह सन्न रह गई.
या तो एक किडनी दो या 30 लाख रुपए लाओ
पति ने महिला से कहा कि अगर वह एक सामान्य जिंदगी चाहती है तो उसे अपनी एक किडनी उसे देनी होगी. अगर वो किडनी नहीं दे सकती तो उसे किडनी ट्रांसप्लांट के खर्च के लिए अपने मायके से 30 लाख रुपए लाने होंगे. पति ने यहां तक कह दिया कि किडनी या पैसे देने के बाद वो चाहे तो दूसरी शादी भी कर सकती है. महिला के पिता पहले ही शादी में 15 लाख रुपए खर्च कर चुके थे इसलिए उसने और पैसे देने से मना कर दिया.
पहली पत्नी और बच्चे की बात भी छिपाई
महिला का ये भी आरोप है कि उसका पति पहले से शादीशुदा है. उसने अपनी एक पत्नी को वाराणसी में रखा हुआ है और उसकी एक बेटी भी है. ससुराल वालों ने यह सारी बातें छिपाकर और महिला को धोखे में रखकर यह शादी करवाई थी. जब महिला ने मांग पूरी नहीं की तो ससुराल वालों ने उसे उसके भाई के साथ मायके भेज दिया और वापस आने के लिए वही पुरानी शर्त रखी.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा और शुरू की जांच
पीड़िता ने मजबूरी में चकेरी थाने में पति सास ससुर और ननद के खिलाफ धोखाधड़ी और दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है. एसीपी अभिषेक पांडे ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पति की बीमारी और उसके पहले से शादीशुदा होने के आरोपों की जांच कर रही है. फिलहाल इस मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है.
ADVERTISEMENT


