सोशल मीडिया पर आज कल कब क्या वायरल हो जाएं यह किसी को नहीं पता है. कभी यही वायरल वीडियोज लोगों की पहचान बना देते हैं तो कभी इनकी वजह से पोल भी खुल जाती है. उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक ऐसा मामला ही सामने आया है, जहां एक कांस्टेबल की पत्नी पुलिस की PRV बाइक चला रही है. पुलिस की बाइक चलाने वाला यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वहीं कांस्टेबल इस मामले में अलग ही कहानी बता रहा है. आइए विस्तार से जानते है इस मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
पर्दी पहने खड़ा था पति, पत्नी चला रही थी बाइक
यह मामला कानपुर के निराला नगर स्थित रेलवे मैदान का बताया जा रहा है. वायरल हो रहे वीडियोज में साफ देखा जा सकता है कि कैमरे के सामने पुलिस कांस्टेबल हंसी-मजाक कर रहा है और पीछे उसकी पत्नी बाइक पर बैठी हुई है. इस दौरान कैमरे के पीछे वाला शख्स भी मजाक करता है और फिर तीनों हंसते है. इस दौरान पुलिस कांस्टेबल कहता है कि 'उल्टी-सीधी चलाओ, एक-दो बार गिरोगी तो पता चल जाएगा.'
वहीं एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस कांस्टेबल की पत्नी PRV बाइक चला रही है, जबकि एक और वीडियो में वह बाइक चलाने के दौरान नीचे गिरी हुई दिखती है. इस दौरान उनका बेटा भी कुछ दूर स्कूटी चलाता दिख रहा है.
राइडिंग सिखाने के दावे को कांस्टेबल ने किया खारिज
वीडियो वायरल होने के साथ ही दावा किया जा रहा है कि कांस्टेबल अपनी पत्नी को सरकारी बाइक से राइडिंग सिखाने के लिए मैदान में लाया था. लेकिन किदवई नगर थाने की PRV में तैनात कांस्टेबल शिवकेंद्र ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. उनका साफ कहना है कि वे ड्यूटी पर थे, जबकि उनकी पत्नी बेटे को स्कूटी सिखाने के लिए मैदाई में गई थी. तभी पत्नी का फोन आया और उनके बुलाने पर वो कुछ देर के लिए मैदान में पहुंचे थे. इसी दौरान बाइक में चाबी लगी होने के कारण पत्नी ने बिना पूछे ही उनकी बाइक चलाना शुरू कर दिया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
सोशल मीडिया पर यह वीडियो आग की तरह फैल रहा है और मामले में पुलिस अधिकारियों ने भी संज्ञान लिया है. पुलिस का कहना है कि जांच कराई जा रही है और अगर सरकारी वाहन के दुरुपयोग के मामले की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह मामला लोगों के साथ-साथ पुलिस विभाग में भी चर्चा का विषय बना हुआ है.
ADVERTISEMENT


