Kanpur Tantra Mantra Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर से हाल ही में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने है. यहां एक विवाहिता ने अपने ससुराल वालों पर तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर रूह कंपा देने वाले आरोप लगाए हैं. महिला का दावा है कि उसे शादी के बाद पूजा के बहाने आधी रात को बुलाया गया और फिर जबरन निर्वस्त्र कर ससुर के सामने तांत्रिक क्रियाएं की गईं. इस मामले के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया. अब पुलिस ने लंबी खींचतान के बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं इस बीच अब मामले में महिला का पति भी सामने आया है. उसने पत्नी के लगाए आरोपो पर अपनी बात रखी है. पति ने पत्नी के आरोपों पर सवाल पूछते हुए कहा कि एआई के जमाने में क्या इस तरह की पूजा होना संभव है.
ADVERTISEMENT
वहीं पीड़िता के अनुसार उसके ससुराल वाले उस पर तंत्र मंत्र की क्रियाओं में शामिल होने के लिए लगातार दबाव बनाते थे. आरोप है कि आधी रात को होने वाली इस पूजा में उसे बिना कपड़ों के बैठने को कहा गया. महिला ने कहा कि उसने जब उसने इसका विरोध किया तो उसे डराया धमकाया गया. पीड़िता ने बताया कि ससुर के सामने उसे नग्न अवस्था में रखा जाता था और ससुर उसके शरीर पर राख लगाते थे. इस दौरान एक बाबा वीडियो कॉल के जरिए पूरी प्रक्रिया को गाइड कर रहे थे. जब अपने पति से मदद मांगी तो उसने भी साथ देने के बजाय माता-पिता की बात मानने को कहा.
दहेज के लिए प्रताड़ना और रसूख का डर
महिला ने केवल तांत्रिक पूजा ही नहीं बल्कि दहेज उत्पीड़न के भी आरोप लगाए हैं. उसका कहना है कि उसके पिता ने शादी में फॉर्च्यूनर गाड़ी और भारी मात्रा में सोना दिया था, लेकिन ससुराल वाले उसे उसके नाम पर होने की वजह से नाराज थे. उनकी मांग थी कि संपत्ति और गाड़ी उनके बेटे के नाम हो. पीड़िता ने बताया कि उसके ससुराल वाले खुद को पूर्व प्रधानमंत्री और बड़े नेताओं का रिश्तेदार बताकर पुलिस पर धौंस जमाते थे. इसी कारण उसे एफआईआर दर्ज कराने के लिए तीन महीने तक भटकना पड़ा और कई बार पुलिस ने केवल समझौता कराने की कोशिश की.
पुलिस की कार्रवाई और सक्ष्यों का संकलन
मामले में महिला थाने में पत्नी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामला महिला अपराध और दहेज उत्पीड़न से संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया है. विवेचना के दौरान सबूतों को इकट्ठा किया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और तंत्र मंत्र के आरोपों की भी गहराई से पड़ताल की जा रही है. इसके बाद ही नियमानुसार अगली कार्रवाई की जाएगी.
पति ने तंत्र-मंत्र के आरोपों ये कहा
इस पूरे मामले पर जब मीडिया ने सराफा व्यापारी और महिला के पति से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने कैमरे पर आने से मना कर दिया. हालांकि उन्होंने संक्षिप्त बातचीत में इन आरोपों को गलत बताया. पति का कहना है कि आज एआई के जमाने में क्या इस तरह की पूजा होना संभव है. उन्होंने कहा कि वह जल्द ही मीडिया के सामने अपना पक्ष रखेंगे.
न्याय की गुहार और गिरफ्तारी की मांग
पीड़ित महिला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाई है. उसका कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. उसे डर है कि रसूखदार होने के कारण उसके ससुराल वाले बच निकलेंगे. महिला और उसके परिवार का आरोप है कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी मिल रही है. अब सबकी नजरें पुलिस की जांच पर टिकी हैं कि क्या आधुनिक युग में भी ऐसी कुप्रथाओं के नाम पर महिलाओं का शोषण करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी या नहीं.
यह भी पढ़ें: मेरठ में तलाक के बाद घर लौटी बेटी...फिर रिटायर जज पिता ने किया कुछ ऐसा कि अब वीडियो हो गया वायरल, देखें
ADVERTISEMENT


