बिजनेसमैन विनीत मिनोचा हत्याकांड में बड़ा खुलासा, पहले पत्नी को फंसाया, अब बताई हत्या करने की पूरी वजह

सिमर चावला

25 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 25 2026 2:49 PM)

कानपुर के चर्चित विनीत मिनोचा मर्डर केस में आरोपी बेटे सुब्रत ने 40 लाख रुपये के कर्ज और संपत्ति के डर से पिता की हत्या करवाने का जुर्म कबूल कर लिया है. इस खुलासे के साथ ही पुलिस शुरुआत में आरोपी बनाई गई बेकसूर बहू शालू को केस से क्लीन चिट देकर रिहा करने की तैयारी कर रही है.

Vineet Manocha
Vineet Manocha
Google CTA

उत्तर प्रदेश के कानपुर के चर्चित दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में एक बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है. पुलिस रिमांड के दौरान हुई सख्त पूछताछ में विनीत मिनोचा के बेटे सुब्रत मिनोचा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. आरोपी सुब्रत ने माना कि उसने ही नौकर विशाल के साथ मिलकर अपने पिता की हत्या की साजिश रची थी. 

Read more!

4 महीने पहले रची गई थी हत्या की पटकथा

पुलिस पूछताछ में सामने आए वीडियो और कबूलनामे के मुताबिक, सुब्रत ने करीब 3-4 महीने पहले ही पिता की हत्या का प्लान बना लिया था. सुब्रत ने खुलासा किया कि उसके पिता अय्याश किस्म के इंसान थे और कई महिलाओं से उनके संबंध थे. उसे डर था कि कहीं उसके पिता अपनी संपत्ति किसी अन्य महिला के नाम न कर दें. 

इसके अलावा, सुब्रत पर करीब ₹40 लाख का भारी-भरकम कर्ज था, जिसकी हर महीने लगभग 55,000 रुपये से 56,000 रुपये की EMI जाती थी. जबकि उसके पिता उसे महीने में जेब खर्च के लिए सिर्फ 400 देते थे. इस तंगी और डर के चलते उसने पिता को रास्ते से हटाने का फैसला किया. 

ऐसे दी वारदात को अंजाम

सुपारी का ऑफर: सुब्रत ने दुकान के नौकर विशाल को कर्ज माफ करने और करीब 1.5 से ₹2 लाख रुपये देने का लालच देकर हत्या के लिए राजी किया. 

डुप्लीकेट चाबी: आरोपी बेटे ने घर की ओरिजिनल चाबी देकर उसकी डुप्लीकेट चाबी बनवाई. 

प्लानिंग: 5 सितंबर 2026 की रात जब घर में कोई नहीं था, नौकर विशाल अपने साथी राजकिशोर के साथ घर में दाखिल हुआ और विनीत मिनोचा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. 

हार्ट अटैक दिखाने की कोशिश: सुब्रत का प्लान था कि रिश्तेदारों को बताया जाएगा कि पिता की मौत हार्ट अटैक या स्वाभाविक (नेचुरल) वजह से हुई है.

पत्नी शालू को क्यों फंसाया?

शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने के लिए सुब्रत ने अपनी पत्नी शालू पर हत्या का आरोप मढ़ दिया था. सुब्रत ने नौकर विशाल से भी कहा था कि अगर पुलिस पकड़े तो शालू का नाम ले लेना. हालांकि, मीडिया कैमरों के सामने सुब्रत ने कबूला कि उसकी पत्नी शालू पूरी तरह बेकसूर है और उसे इस साजिश की भनक तक नहीं थी. 

शालू को मिलेगी क्लीन चिट

कल्याणपुर थाने में जब सुब्रत और शालू को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई तो शालू करीब 20 मिनट तक रोती रही और खुद को निर्दोष बताती रही. पुलिस जांच में शालू की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं पाई गई है. पुलिस अब शालू को इस केस से क्लीन चिट देने और उसकी रिहाई के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल करने जा रही है. 

ये भी पढ़ें: रायबरेली में अखिलेश यादव ने खेला 'लोधी कार्ड', क्या हिल जाएगा BJP का कोर वोट बैंक?