Jhansi News: मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के की करिश्मा का शादी झांसी के रामजी यादव के साथ हुई. शादी के कुछ समय तक तो सब कुछ ठीक ठाक चला, लेकिन बाद में दोनों के बीच छोटी-छोटी बातों पर भी विवाद होने लगा. परिजनों के अनुसार, दामाद रामजी यादव ने करिश्मा का जीवन नर्क बना दिया था. उसे छोटी-छोटी बातों पर ताने दिए जाते थे. इसके बाद फिर एक दिना अचानक घर करिश्मा का फोन आता है. वो घबराई हुई होती है, लेकिन इसके 3 घंटे के बाद परिजनों को उसकी मौत की खबर मिलती है.
ADVERTISEMENT
आपको बता दें कि 26 वर्षीय करिश्मा मध्य प्रदेश के ओरछा की रहने वाली है. उसकी शादी दिसंबर 2024 में झांसी के नवाबाद थाना इलाके के गुमनावारा में रहने वाले रामजी यादव से हुई थी. लेकिन शादी के महज दो साल के अंदर ही उसकी जीवनलीला समाप्त हो गई. अब मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे दहेज हत्या करार दिया है. परिजनों का कहना है कि करिश्मा को लगातार 10 से 12 लाख रुपये की डिमांड की जा रही थी और इसके लिए उसे मानसिक और शारीरिक रूप से बेहद परेशान किया जा रहा था.
मौत से पहले की पिता से की आखिरी कॉल
घटना वाले दिन दोपहर करीब 4 बजे करिश्मा ने अपने पिता को फोन किया था. उस वक्त वह फोन पर फूट-फूटकर रो रही थी और काफी डरी हुई थी. उसने अपने पिता को कहा कि पापा ये लाेग मुझे मार रहे हैं और मुझे अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है. परिजनों के अनुसार, उन्होंने ससुराल पक्ष से बात करने की कोशिश की तो उन्हें टालमटोल भरा और कथित तौर पर धमकी भरे लहजे में जवाब दिया.
घटनास्थल की स्थिति ने खड़े किए गंभीर सवाल
इसके बाद तीन घंटे बाद ही करीब साढ़े सात बजे करिश्मा के भाई पुष्पेंद्र यादव को उसकी मौत की मौत की खबर मिली. ये भी किसी अन्य व्यक्ति के जरिए. सूचना पाते ही जब मायके वाले मौके पर पहुंचे तो वहां के हालात देखकर उनके होश उड़ गए. उन्हें बेटी के ससुराल पक्ष से जो आत्महत्या की कहानी बताई गई उस पर शक होने लगा. परिजनों के अनुसार जिस कमरे में फांसी लगाने की बात कही जा रही है, वहां की ऊंचाई इतनी अधिक है कि वहां तक पहुंच पाना संभव नहीं था. मृतका का शव नीचे रखा हुआ था. उसके गले से मंगलसूत्र गायब था. इतना ही नहीं घटना के बाद से ही आरोपी पति रामजी यादव और उसके परिवार के लोग घर छोड़कर फरार हैं. पति का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है. इससे परिजानों का शक और गहरा गया.
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT


