शरीर पर लिपस्टिक और अंडरवियर में शव... अब लखनऊ के कैफे संचालक शिवा शर्मा को लेकर पता चली 50 हजार के इनाम की पुरानी कहानी, उलझा मौत का मामला?

अंकित मिश्रा

• 05:41 PM • 11 Oct 2026

Shiva Sharma Death Case: लखनऊ में 27 वर्षीय कैफे संचालक शिवा शर्मा की चौथी मंजिल से गिरकर मौत के मामले में कई सवाल उठ रहे हैं. परिजनों ने उसकी कथित लिव-इन पार्टनर और अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. शिवा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी चर्चा में है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है.

लखनऊ में कैफे संचालक शिवा की संदिग्ध मौत
लखनऊ में कैफे संचालक शिवा की संदिग्ध मौत
Google CTA

Shiva Sharma Death Case: लखनऊ के हजरतगंज इलाके में शुक्रवार को शिवा शर्मा की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी. यह हादसा बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में हुआ. 27 वर्षीय कैफे संचालक शिवा शर्मा की डेड बॉडी अर्धनग्न  अवस्था में मिली थी. उनहोने शरीर पर केवल अंडरवियर पहना हुआ था.  इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. इस मामले में मृतक के परिजन उनकी कथित लिव-इन पार्टनर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं.  इस बीच शिवा शर्मा को लेकर भी एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. मिली जानकारी के मुताबिक, शिवा कभी 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश रह चुका था और जेल भी जा चुका था. दावा किया जा रहा है कि उसके इसी अतीत के आधार पर श्रद्धा दुबे उसे ब्लैकमेल करती थी.  परिजानों का आरोप है कि यह कोई साधारण हादसा नहीं है, यह एक सोची-समझी साजिश है. उन्होंने इस मामले में सीधे तौर पर शिवा की गर्लफ्रेंड, उसकी बहन और अन्य करीबियों पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं.

Read more!

हैरान करने वाली थी शव की हालत और निशान

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब शिवा नीचे गिरा तब उसके शरीर पर केवल अंडरवियर था और चेहरे पर लिपस्टिक पुती हुई थी. शव की ऐसी भयानक हालत देखकर हर कोई सन्न रह गया. मृत युवक के शरीर पर सिगरेट से कई जगह दागे जाने के गहरे निशान भी पाए गए. परिजनों ने जब पंचनामा प्रक्रिया के दौरान इन निशानों को कागजों में शामिल न किए जाने का कड़ा विरोध किया, तब जाकर पुलिस ने इसे शामिल किया. शिवा की मां रंजना शर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है. बिलखते हुए मां ने कहा कि कोई भी किसी को इतना पीटने से पहले रो पड़ेगा, जितना उनके बच्चे को प्रताड़ित किया जाता था. मां का कहना है कि वे रोज उसकी बेबसी देखती थीं, लेकिन अपने बेटे को बचा नहीं सकीं. मां की तहरीर पर हजरतगंज पुलिस ने गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, आदिल और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.

लिव-इन रिलेशनशिप और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप

शुरुआती जांच में सामने आया है कि शिवा और श्रद्धा की मुलाकात गोमती नगर के एक क्लब में कुछ कॉमन फ्रेंड्स के जरिए हुई थी. धीरे-धीरे यह जान-पहचान प्यार में बदल गई और दोनों किसान बाजार स्थित कैफे में अक्सर मिलने लगे. इसके बाद दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे. परिजनों का दावा है कि पिछले करीब चार महीने से श्रद्धा पावर कॉरिडोर में अपनी ऊंची पहुंच का रौब दिखाकर शिवा को बुरी तरह ब्लैकमेल कर रही थी और उसे मानसिक रूप से टॉर्चर कर रही थी. इस खौफ के बारे में शिवा ने अपने कुछ दोस्तों से भी जिक्र किया था. मां ने पुलिस को दोनों के बीच हुई व्हाट्सएप चैट के सबूत भी सौंपे हैं.

पुराना आपराधिक रिकॉर्ड और पुलिस की आगे की कार्रवाई

शिवा के इस कदर डरे होने के पीछे उसका पिछला आपराधिक इतिहास भी एक बड़ी वजह बताया जा रहा है. गत 30 अगस्त को गोमती नगर के एक क्लब में हुई फायरिंग की घटना में शिवा नामजद आरोपी था. यूपी एसटीएफ ने 50 हजार के इनामी शिवा को बिहार के पटना से गिरफ्तार कर जेल भेजा था. जेल से छूटने के बाद वह दोबारा सलाखों के पीछे जाने के नाम से बहुत डरता था. परिजनों का आरोप है कि श्रद्धा इसी डर का फायदा उठाकर अपनी राजनीतिक और रसूखदार पहुंच का डर दिखाती और उसे लगातार ब्लैकमेल करती थी. मां के अनुसार, इस घटना से दो दिन पहले ही शिवा अपनी बीएमडब्ल्यू कार लेकर घर से निकला था और उसी अपार्टमेंट में था जहां यह खौफनाक वारदात हुई. एसीपी हजरतगंज का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है, पुलिस की टीमें हर एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही हैं और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पर्दाफाश किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: कैफे संचालक की संदिग्ध मौत, मृतक शिवा की मां ने इन्फ्लुएंसर गर्लफ्रेंड पर लगाए गंभीर आरोप