उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक कैफे संचलक की मौत ने उसके परिवार और पड़ोसियों को झकझोर कर रख दिया है. 27 साल के शिवा की मौत के बाद परिजन इस पूरे मामले में बड़े झोल की तरफ इशारा कर रहे हैं. उनका आरोप है कि ये अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने से मौत नहीं बल्कि हत्या है. हत्या से पहले मृतक शिवा के साथ आरोपियों ने बंधक बनाकर बर्बरता की है. पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT
लखनऊ के पॉश इलाके हजरतगंज में बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध हालत में गिरकर शिवा शर्मा (27) गंभीर रूप से घायल हो गए. बाद में उनकी मौत हो गई. शिवा इसी इलाके में एक कैफे चलाते थे. इधर इस कथित हादसे के बाद मृतक के परिजन शिवा की कथित लिव-इन-पार्टनर पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं. ध्यान देने वाली बात है कि शिव की कथित गर्लफ्रेंड सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है.
शुक्रवार की रात किसका फोन आया था ?
मृतक शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 8:30 बजे रश्मि दुबे नाम की एक लड़की का फोन आया था. उसने बताया कि शिवा का एक्सीडेंट हो गया है और उसे लोहिया अस्पताल ले जाया जा रहा है. ये सुनते ही परिजन बदहवास हो गए. आनन-फानन में वे लोहिया अस्पताल पहुंचे. वहां पता चला कि कोई शिवा शर्मा नहीं आया है. करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पता चला कि उसे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में शिफ्ट किया गया है.
एंबुलेंस चालक ने बताई हैरान करने वाली बात
परिजनों के मुताबिक जब वे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर पहुंचे तो वहां एम्बुलेंस खड़ी थी. उसके पास रश्मि की बहन श्रद्धा दुबे का ड्राइवर दानिश था. दानिश खुद को सौरव कश्यप बताकर फोन किया करता था. शिवा के परिजनों को देखते ही दानिश वहां से फरार हो गया. एंबुलेंस में शिवा था. एंबुलेंस चालक ने परिजनों को बताया कि वो पिछले तीन घंटे से घायल को लेकर लोहिया और मेडिकल कॉलेज के बीच चक्कर काट रहा है. उसे जब परिजन अस्पताल ले गए तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मां रंजना के गंभीर आरोप- बेटे को बंधक बनाकर बर्बरता की गई
मां रंजना शर्मा ने आरोप लगाया कि शिवा को पहले बंधक बनाया गया और फिर उसके साथ बर्बरता की गई. इसके बाद उसे चौथी मंजिल से नीचे फेंका गया. रंजना शर्मा ने बताया कि बेटे के शरीर पर गंभीर चोट थे. जबड़ा टूटा हुआ था. पसलियां और टांग टूटी हुई थी. पूरे शरीर पर सिगरेट से दागने और खरोंच के निशान भी थे.
परिजनों का आरोप है कि श्रद्धा दुबे पिछले 4-5 महीनों से शिवा को परेशान कर रही थी. वह लगातार मारपीट, झूठे केस में फंसाने और बदनाम करने की धमकियां भी दे रही थी. करीब हफ्ते भर पहले उनकी दुकान पर आई थी और धमकी देकर गई थी. आरोपी पक्ष लगातार उनके घर और दुकान की रेकी करवा रहा था.
पुलिस का क्या कहना है ?
इधर पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है. एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि युवक चौथी मंजिल से गिरा था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई.युवक को धक्का दिया गया या घटना के पीछे कोई और वजह है, पुलिस सभी तकनीकी और फॉरेंसिक पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
पति के साथ गई कोर्ट, वहां दिखा प्रेमी...फिर ऐसी लिपटी कि पीलीभीत से वीडियो हो रहा वायरल!
ADVERTISEMENT


