Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दुबगा इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां हिंदूवादी नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई. धीरेंद्र प्रताप सिंह लखनऊ के पीजीआई इलाके में रह रहे थे. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने उनकी लाश को फॉर्च्यूनर गाड़ी समेत एक सुनसान जगह पर नहर में फेंक दिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. अब इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. वहीं इलाके में भी दहशत का माहौल बना हुआ है.
ADVERTISEMENT
पत्नी ने दर्ज कराया था ड्राइवर पर अपहरण का मामला
इस घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतक धीरेंद्र प्रताप सिंह की पत्नी ममता सिंह ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी. पत्नी ने आरोप लगाया कि उनके पति के ड्राइवर ने ही अपने कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर उनके पति का अपहरण कर लिया है. मामला दर्ज होते ही लखनऊ पुलिस तुरंत हरकत में आई. पुलिस ने मामले की जांच के लिए 6 विशेष टीमों का गठन किया, जिन्होंने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया.
दुबगा की सुनसान नहर से शव और फॉर्च्यूनर गाड़ी बरामद
तलाश के दौरान पुलिस ने दुबगा रिंग रोड के पास स्थित आम के बाग से सटी एक नहर से धीरेंद्र प्रताप सिंह का शव और उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी बरामद कर ली. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद कातिलों ने शव और गाड़ी को 20 किलोमीटर दूर लाकर नहर में फेंक दिया था. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में मुख्य आरोपी ड्राइवर और उसके एक साथी को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है.
उन्नाव में जमीनी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि उन्नाव में एक जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था और इसी जमीनी रंजिश के चलते ड्राइवर ने साजिश रचकर अपने साथियों के साथ इस खूनी खेल को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोरतम और प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
कौन हैं धीरेंद्र प्रताप सिंह?
धीरेंद्र प्रताप सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव के रहने वाले थे. फिलहाल वे लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में रहते थे. वे एक हिंदूवादी नेता के रूप में सक्रिय थे. हाल ही में लखनऊ के दुबगा इलाके में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई और शव को फॉर्च्यूनर गाड़ी सहित नहर में फेंक दिया गया.
यह भी पढ़ें: अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शार्प शूटर का हुआ एनकउंटर, देख लीजिए इनकी तस्वीर
ADVERTISEMENT


