Lucknow Lawyers Protest: लखनऊ में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर शनिवार को वकीलों का प्रदर्शन उग्र हो गया. विधानसभा का घेराव करने निकले वकीलों ने पुलिस की कई बैरिकेडिंग तोड़ दी और विधानसभा के सामने पहुंच गए. दरअसल, वकीलों ने सरकार से जल्द अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग कर रहे हैं. साथ ही चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो लखनऊ में विशाल अधिवक्ता महापंचायत बुलाई जाएगी.
ADVERTISEMENT
बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा पहुंचे वकील
लखनऊ बार एसोसिएशन और सेंट्रल बार एसोसिएशन के आह्वान पर वकीलों ने विधानसभा घेराव का कार्यक्रम रखा था. प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने हजरतगंज और स्वास्थ्य भवन चौराहे के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे. जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी. हालांकि, प्रदर्शन कर रहे वकीलों का आक्रोश बढ़ता गया. उन्होंने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी और सभी रुकावटों को पार करते हुए विधानसभा के सामने पहुंच गए.
क्यों कर रहे हैं वकील प्रदर्शन?
सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री अवनीश दीक्षित का कहना है कि हापुड़ की घटना के बाद वकीलों की सुरक्षा के लिए एक विशेष ड्राफ्ट तैयार किया गया था, लेकिन बाद में इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया. वकीलों का कहना है कि आए दिन उनके साथ आपराधिक घटनाएं हो रही हैं. ऐसे में उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है.
लखनऊ बार एसोसिएशन के महामंत्री जितेंद्र सिंह यादव ने मांग की है कि जिस तरह दलितों की सुरक्षा के लिए एससी-एसटी एक्ट बनाया गया है, उसी तरह वकीलों की सुरक्षा के लिए भी सख्त कानून बनाया जाना चाहिए.
मांग पूरी नहीं हुई वकील करेंगे ये काम
प्रदर्शन कर रहे वकीलों ने सरकार से मांग की है कि अधिवक्ता सुरक्षा से जुड़े ड्राफ्ट को सार्वजनिक किया जाए और उसे लागू करने के लिए जल्द कदम उठाए जाएं. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने उनकी मांग पर गंभीरता नहीं दिखाई तो आने वाले दिनों में लखनऊ में विशाल अधिवक्ता महापंचायत बुलाई जाएगी. फिलहाल विधानसभा के सामने भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.
ADVERTISEMENT


