UP Election 2027 Survey: यूपी में योगी, अखिलेश या कोई और? जनता किसे बनाना चाहती है CM? वोट वाइब सर्वे में सामने आई दिलचस्प तस्वीर
UP Election 2027 Survey: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले Vote Vibe LLP के सर्वे ने जनता की पसंद और प्राथमिकताओं की तस्वीर सामने रखी है. लोग अगले मुख्यमंत्री के तौर पर किसे देखना चाहते हैं? बेरोजगारी, महंगाई या कोई और मुद्दा, किसकी सबसे ज्यादा चर्चा है? वोट देते समय किन बातों को महत्व देते हैं लोग? जानिए सर्वे के आंकड़े.
ADVERTISEMENT

UP Election 2027 Survey: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. हालांकि, चुनाव में अभी समय है, लेकिन जनता के मन में क्या चल रहा है, इसे लेकर Vote Vibe LLP ने एक सर्वे किया है. इसमें लोगों से पूछा गया कि वे यूपी का अगला मुख्यमंत्री किसे देखना चाहते हैं और आने वाले चुनाव में उनके लिए सबसे बड़े मुद्दे क्या होंगे. इसके अलावा वोट देते समय लोग किन बातों को सबसे ज्यादा महत्व देते हैं, इस पर भी उनकी राय ली गई है. सर्वे में क्या कुछ आंकड़े सामने आए? चलिए जानते हैं.
उत्तर प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री किसे देखना चाहती है जनता?
सर्वे में लोगों से पूछा गया कि उनकी राय में उत्तर प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होना चाहिए? इस सवाल के जवाब में सबसे ज्यादा लोगों ने योगी आदित्यनाथ का नाम लिया. सर्वे के मुताबिक, 44.1% लोग योगी आदित्यनाथ को अगला मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं. वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को 34.5% लोगों ने अपनी पसंद बताया. इसके अलावा बसपा प्रमुख मायावती को 5.8% और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को 6.5% लोगों ने अगले मुख्यमंत्री के तौर पर पसंद किया. सर्वे में 4.4% लोगों ने अन्य नामों पर भरोसा जताया, जबकि 4.7% लोगों ने कोई राय नहीं दी.

चुनाव में जनता के लिए सबसे बड़ा मुद्दा क्या है?
सर्वे में लोगों से यह भी पूछा गया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उनके लिए सबसे बड़ा मुद्दा क्या होगा? इसके जवाब में सबसे ज्यादा 26.5% लोगों ने बेरोजगारी को अपनी पहली प्राथमिकता बताया. वहीं, 16.3% लोगों ने महंगाई को सबसे अहम मुद्दा माना. किसानों से जुड़े मुद्दों को 11.3% लोगों ने अपनी प्राथमिकता बताया. इसके अलावा 9.9% लोगों ने कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को जरूरी मुद्दा माना, जबकि 8.9% लोगों ने शिक्षा और स्वास्थ्य को सबसे अहम बताया. वहीं, 8% लोगों ने भ्रष्टाचार और राम मंदिर चंदा चोरी विवाद को चुनाव का महत्वपूर्ण मुद्दा माना. सर्वे के मुताबिक, 6.8% लोगों ने अन्य मुद्दों को चुना या अपनी राय नहीं बताई. सामाजिक न्याय को 4.4%, बिजली, सड़क और पानी को 4.2% और SIR को 3.6% लोगों ने सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बताया.

वोट देते समय किन बातों को सबसे ज्यादा महत्व देते हैं लोग?
सर्वे में लोगों से यह भी पूछा गया कि वोट डालते समय वे किन बातों को सबसे ज्यादा ध्यान में रखते हैं. इसके जवाब में सबसे ज्यादा 24.8% लोगों ने पार्टी की विचारधारा को अपनी प्राथमिकता बताया. वहीं, 15.9% लोगों के लिए विकास और जनहित के मुद्दे अहम हैं. 15.3% लोग मुख्यमंत्री के चेहरे को महत्व देते हैं, जबकि 15.1% लोगों के लिए उम्मीदवार की छवि और उसका व्यक्तित्व मायने रखता है. इसके अलावा 7.7% लोगों ने सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने या न मिलने को वोट देने की वजह बताया. वहीं, 5.7% लोगों के लिए जाति और धर्म महत्वपूर्ण हैं. प्रधानमंत्री के चेहरे को 4.8% लोगों ने प्राथमिकता दी. इतने ही लोगों ने अन्य बातों को अहम बताया. वहीं, 3.7% लोग इस सवाल पर कोई राय नहीं दे सके, जबकि 2.2% लोगों ने राज्य सरकार के प्रदर्शन को वोट देते समय सबसे ज्यादा महत्व देने की बात कही.

इस तरह सर्वे में मुख्यमंत्री की पसंद के मामले में योगी आदित्यनाथ सबसे आगे हैं, जबकि बेरोजगारी लोगों के लिए सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बनकर सामने आई है. वहीं, वोट देते समय सबसे ज्यादा लोग पार्टी की विचारधारा को महत्व देने की बात कह रहे हैं. हालांकि, ये आंकड़े सर्वे में शामिल लोगों की राय पर आधारित हैं, चुनाव के नतीजे नहीं और चुनाव में अभी समय है. ऐसे में इन आंकड़ों में बदलाव हो सकता है.
नोट: यह सर्वे 'AT Vote Vibe LLP' की ओर से किया गया है. इसका नाम 'Assembly Elections 2027 Uttar Pradesh Opinion Poll - Tracker 2' है. सर्वे में पूरे उत्तर प्रदेश से कुल 8,339 लोगों की राय ली गई है. सर्वे टेलिफोनिक मेथडलॉजी के जरिए किया गया है. इसकी त्रुटि-सीमा (Margin of Error) +/-3% बताई गई है. हालांकि, ये सर्वे के आंकड़े हैं और इन्हें चुनाव के नतीजे नहीं माना जा सकता. उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव तक मतदाताओं का रुख बदल भी सकता है.
यह भी पढ़ें: UP Election 2027 Survey: यूपी चुनाव 2027 में किस पार्टी या गठबंधन को कितना वोट शेयर? जानें सर्वे के आंकड़े
