दरोगा की गर्दन पकड़ी, फिर पुलिस टीम पर हमला... अब हो गया बड़ा एक्शन, अवैध डेयरियों पर कार्रवाई के साथ 200 भैंसें जब्त

आशीष श्रीवास्तव

• 09:36 AM • 19 Aug 2026

Lucknow Police Viral Video: लखनऊ के बुद्धेश्वर पारा इलाके में अवैध डेयरी हटाने गई पुलिस टीम पर हमला करने और दरोगा की गर्दन पकड़ने वाले आरोपियों पर लखनऊ पुलिस और नगर निगम ने बड़ा एक्शन लिया है. भारी फोर्स और बुलडोजर के साथ पहुंची टीम ने अवैध डेरियों को ध्वस्त किया तथा मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ तगड़ा एक्शन
पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ तगड़ा एक्शन
Google CTA

Lucknow Sub Inspector Attack: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बुद्धेश्वर पारा इलाके से पुलिस पर हमले और दरोगा के साथ बदतमीजी का एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था. वीडियो में एक युवक दरोगा की गर्दन पकड़े नजर आया, जबकि एक लड़की पुलिसकर्मी से भिड़ती और बदतमीजी करती दिखाई दी. इस घटना के बाद एक्शन मोड में आई लखनऊ पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर बड़ा कड़ा प्रहार किया है.

Read more!

अवैध डेरियों और अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

मामला लखनऊ के बुद्धेश्वर पारा इलाके का है, जहाँ रिहायशी क्षेत्र में अवैध रूप से डेरियां चलाई जा रही थीं. जब नगर निगम और पुलिस की टीम अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची तो स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम का विरोध करते हुए उन पर हमला बोल दिया. इस हमले और बदतमीजी का वीडियो सामने आने के बाद काकोरी एसीपी और भारी पुलिस बल के साथ नगर निगम की टीम बुद्धेश्वर पारा पहुंची. पुलिस ने मौके पर बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को ढहा दिया और अवैध डेरियों में बंध रही लगभग 200 भैंसों को गाड़ियों में लादकर जब्त कर लिया.

महिला समेत आरोपी गिरफ्तार, कई फरार

पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दरोगा से हाथापाई और पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में वीडियो में दिख रही लड़की, उसकी बहन और मुख्य आरोपियों समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस पूरी वारदात में शामिल 12 से 14 अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाकर लगातार छापेमारी की जा रही है. तेज बारिश के बावजूद मौके पर काकोरी एसीपी और भारी पुलिस बल मुस्तैद रहकर कार्रवाई में जुटा रहा.

मामले पर शुरू हुई राजनीति

दरोगा और पुलिस टीम पर हुए इस हमले के बाद अब इस मामले ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी तूल पकड़ लिया है. कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने इस पूरी घटना को लेकर विपक्षी दलों और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तंज कसा है.

राजभर का कहना है कि पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सरकारी कामकाज में बाधा डालने वाले अराजक तत्वों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि ऐसे उपद्रवियों पर बुलडोजर की कार्रवाई ही सही इलाज है ताकि कानून का डर कायम रहे. दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन ने भी साफ कर दिया है कि ऑन-ड्यूटी अधिकारी पर हमला करने और गर्दन पकड़ने वालों के खिलाफ हत्या के प्रयास और बलवा समेत सख्त धाराओं में केस दर्ज किया गया है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.

यह भी पढ़ें: अस्पताल से पति के साथ निकली थी 36 वर्षीय कोमल, फिर कुछ घंटों बाद जंगल में मिली लाश, हरदोई में 4 बच्चों की मां के साथ क्या हुआ?