जौनपुर: महाकुंभ में 'दातून बॉय' के नाम से वायरल हुए आकाश यादव को मिल रही जान से मारने की धमकी!

आदित्य भारद्वाज

10 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 10 2026 12:29 PM)

Akash Yadav Love Marriage Controversy: महाकुंभ में 'दातून बॉय' के रूप में रातोंरात सोशल मीडिया पर छाने वाले जौनपुर के आकाश यादव एक बार फिर चर्चा में हैं. प्रेमिका मनीषा पटेल से लव मैरिज करने के बाद आकाश ने वीडियो जारी कर दावा किया है कि लड़की के परिवार वाले उनकी जान के दुश्मन बन गए हैं. दंपती ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है.

 दातून बॉय ने पुलिस प्रशासन से लगाई गुहार.
दातून बॉय ने पुलिस प्रशासन से लगाई गुहार.
Google CTA

Mahakumbh Datun Boy Akash Yadav: महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में महंगी गाड़ियों से पहुंचकर और अपनी प्रेमिका के कहने पर 'दातून' बेचकर रातोंरात सोशल मीडिया सेंसेशन बनने वाले आकाश यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं. हालांकि, इस बार उनकी चर्चा किसी अनोखे व्यापार या मुनाफे को लेकर नहीं, बल्कि उनकी और उनकी पत्नी की जान पर मंडरा रहे खतरे को लेकर है. 'दातून बॉय' के नाम से मशहूर हुए जौनपुर के रहने वाले आकाश यादव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताया है और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है. क्या है पूरा मामला, जानिए इस रिपोर्ट में.

Read more!

जानें क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, महाकुंभ मेले में चर्चा में आए आकाश यादव ने अपनी प्रेमिका मनीषा पटेल से शादी कर ली है. आकाश का दावा है कि उन्होंने और मनीषा ने परिजनों की मर्जी के खिलाफ जाकर कोर्ट और मंदिर में अपनी इच्छा से विवाह किया है. लेकिन इस शादी के बाद से ही दोनों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. आकाश का आरोप है कि लड़की के परिवार वाले इस रिश्ते से बेहद नाराज हैं और वे दोनों की जान के दुश्मन बन बैठे हैं. स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि आकाश ने वीडियो में यहां तक कह दिया कि यह उनका आखिरी वीडियो भी हो सकता है.

वायरल वीडियो में आकाश की पत्नी मनीषा पटेल (जो जौनपुर के जगदीशपुर की रहने वाली हैं) ने भी अपनी बात रखी है. मनीषा का साफ कहना है कि उन्होंने किसी के दबाव या बहकावे में आकर नहीं, बल्कि अपनी मर्जी से आकाश को अपना जीवनसाथी चुना है. मनीषा ने भी एसपी जौनपुर से गुहार लगाई है कि उनके परिवारवालों को परेशान न किया जाए और उन्हें तथा उनके पति को सुरक्षा प्रदान की जाए.

पुलिस-प्रशासन से लगाई गई मदद की गुहार

वीडियो के माध्यम से दंपती ने जौनपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) से यह गुहार लगाई है कि वे दोनों बालिग हैं और कानूनन अपनी मर्जी से साथ रह रहे हैं. इसके बावजूद उनके परिवार और उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं. महाकुंभ में दातून बेचकर अपनी प्रेम कहानी को दुनिया के सामने लाने वाले आकाश यादव और उनकी पत्नी के सामने अब अपने रिश्ते और जिंदगी को बचाने की सबसे बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है. फिलहाल, इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच और कार्रवाई में जुट गया है.

यह भी पढ़ें: उन्नाव: नेशनल बॉक्सर मंतसा की संदिग्ध मौत, घर से खरीदारी के लिए निकली थी, हाईवे किनारे मिला शव