उत्तर प्रदेश के बरेली से एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. एक सिरफिरे आशिक ने शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज होकर एक महिला और उसके पूरे परिवार को अपनी सनक का शिकार बना डाला. आरोपी ने रात के अंधेरे में सो रहे परिवार पर तेजाब (एसिड) से हमला कर दिया. इस कायरतापूर्ण हमले में महिला, उसका पति और उनके दो मासूम बच्चे बुरी तरह झुलस गए हैं.
ADVERTISEMENT
गर्मी की रात और मच्छरदानी के बीच आई 'कयामत'
यह रूह कंपा देने वाली घटना बरेली के शेरगढ़ इलाके की है. उमaस और भीषण गर्मी की वजह से पूरा परिवार घर के अंदर के बजाय खुले बरामदे में मच्छरदानी लगाकर सो रहा था. माता-पिता और बच्चे चैन की नींद सो रहे थे और सब कुछ बिल्कुल सामान्य था. लेकिन आधी रात के बाद इस परिवार की खुशियां चीखों में बदल गईं.
पुलिस के मुताबिक, इलाके का ही रहने वाला उमेश कश्यप नाम का एक शख्स दीवार फांदकर और छत के रास्ते चुपके से घर में दाखिल हुआ. उसने बिना कोई आहट किए, मच्छरदानी के ऊपर से ही सो रहे परिवार पर तेजाब उड़ेल दिया. तेजाब गिरते ही पूरा परिवार दर्द से चीख उठा. चीख-पुकार सुनकर जब तक आस-पास के लोग इकट्ठा होते, आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला.
अस्पताल में भर्ती है पूरा परिवार
एसिड अटैक की इस खौफनाक वारदात में महिला, उसका पति और दोनों छोटे बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए. आनन-फानन में सभी को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद एक पीड़ित की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है. फिलहाल पुलिस की देखरेख में घायलों का इलाज चल रहा है.
शादीशुदा होने के बाद भी बना रहा था दबाव
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में जो बात सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है. आरोपी उमेश कश्यप खुद शादीशुदा है, लेकिन इसके बावजूद वह पीड़िता के पीछे हाथ धोकर पड़ा था. वह महिला से शादी करने की जिद पर अड़ा था और लगातार उस पर दबाव बना रहा था.
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी काफी समय से महिला को परेशान कर रहा था. महिला ने जब उसके इस नाजायज प्रपोजल को साफ तौर पर ठुकरा दिया, तो वो खुन्नस खा गया और उसने पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रच डाली.
आरोपी की तलाश में जुटीं पुलिस की टीमें
घटना की सुबह करीब 6 बजे पुलिस को इस मामले की जानकारी दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने सबूत इकट्ठा किए और पीड़ितों के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है.
फिलहाल आरोपी उमेश कश्यप फरार है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बना दी गई हैं और जगह-जगह दबिश दी जा रही है. पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.
ADVERTISEMENT


