Mathura Farsa Wale Baba: उत्तर प्रदेश के मथुरा में गौ रक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की मौत के बाद से लोग इलाके में माहौल गरमाया हुआ है. दिल्ली-आगरा हाईवे पर बाबा के समर्थक और स्थानीय लोग इकट्ठा होकर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि गौ तस्करों ने बाबा को गाड़ी से कुचलकर मार डाला है. इलाके में हालात इतने बेकाबू हो गए कि भारी पुलिस बल को मोर्चा संभालना पड़ा. इस बीच अब घटना को लेकर मथुरा पुलिस का आधिकारिक बयान सामने आया है, जिसने इस पूरे मामले को ही पलट दिया है.
ADVERTISEMENT
ट्रक में मिला परचून का सामान-एसपी
मामले की जानकारी देते हुए मथुरा के एसपी श्लोक कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में गौ तस्करी का कोई मामला सामने नहीं आया है. पुलिस के मुताबिक, जिस कंटेनर को बाबा ने शक के आधार पर रोका था उसकी तलाशी लेने पर उसमें किराने यानी परचून का सामान मिला है. एसपी ने कहा कि जांच में अब तक गौ तस्करी से जुड़ी कोई बात सामने नहीं आई है.
बता दें कि ये घटना 21 मार्च की सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है. पुलिस ने बताया कि जब फरसा वाले बाबा ने एक गाड़ी को रुकवाई तभी पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर के एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. इस ट्रक में लोहे के तार लदे हुए थे. कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने की वजह से ये हादसा हो गया. टक्कर मारने वाले ट्रक का ड्राइवर और क्लीनर राजस्थान के अलवर के रहने वाले हैं और वे खुद भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं.
उपद्रवियों पर चला पुलिस का डंडा
पुलिस ने बताया कि बाबा की मौत के बाद शुरू हुए हंगामे को शांत करने के लिए पुलिस को कड़े कदम उठाने पड़े. प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया था और पुलिस पर पत्थरबाजी की थी. पुलिस प्रशासन ने आवश्यक बल का प्रयोग करते हुए जाम खुलवाया और स्थिति को नियंत्रण में लिया. हालांकि लोगों में अब भी भारी आक्रोश है, लेकिन पुलिस का कहना है कि वे केवल तथ्यों के आधार पर कार्रवाई कर रहे हैं और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दिया जाए.
यह भी पढ़ें: मथुरा में फरसा वाले बाबा की हत्या के बाद भड़के सीएम योगी आदित्यनाथ, दे दिया ये बड़ा आदेश
ADVERTISEMENT


