मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में 'फरसे वाले बाबा' के नाम से मशहूर गौ रक्षक संत चंद्रशेखर की मौत के बाद भड़की हिंसा ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने कड़ा एक्शन लेते हुए गाजियाबाद के चर्चित हिंदूवादी नेता दक्ष चौधरी समेत 17 लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों पर पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़, पथराव और भीड़ को उकसाने के गंभीर आरोप हैं.
ADVERTISEMENT
कैसे हुई 'फरसे वाले बाबा' की मौत?
ब्रज क्षेत्र के प्रखर गौ रक्षक संत चंद्रशेखर, जिन्हें लोग प्यार से 'फरसे वाले बाबा' कहते थे, शनिवार तड़के एक हादसे का शिकार हो गए. बताया जा रहा है कि सुबह करीब 4 बजे उन्हें गौ तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे एक कंटेनर को रोकने के लिए नवीपुर के पास पहुंचे. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
मौत के बाद रणक्षेत्र बना हाईवे
बाबा की मौत की खबर फैलते ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु और गौ रक्षक दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर इकट्ठा हो गए और जाम लगा दिया. भीड़ इतनी उग्र हो गई कि जब पुलिस प्रशासन उन्हें समझाने पहुंचा, तो प्रदर्शनकारियों ने पथराव शुरू कर दिया. इस हिंसा में एडीएम और पुलिस की कई गाड़ियों को निशाना बनाया गया और उनमें तोड़फोड़ की गई. हालात काबू करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और रबर बुलेट का इस्तेमाल करना पड़ा. इस झड़प में करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी और कई प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं. गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों के नाम मथुरा पुलिस ने इस हिंसा में शामिल 17 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
- दक्ष चौधरी (गाजियाबाद)
- गौरव उर्फ भूरा (मथुरा, 24 वर्ष)
- नरेश (मथुरा, 30 वर्ष)
- हिमांशु (पलवल, हरियाणा, 24 वर्ष)
- पवन (मथुरा, 24 वर्ष)
- कपिल (मथुरा, 27 वर्ष)
- धर्मेंद्र (मथुरा, 18 वर्ष)
- विष्णु (मथुरा, 18 वर्ष)
- अनुज (18 वर्ष)
- शनि (पलवल, हरियाणा, 20 वर्ष)
(इसके अलावा केशव, चंदन, अरुण, अमन, सुभाष और संदीप को भी गिरफ्तार किया गया है)
कौन थे फरसे वाले बाबा?
मथुरा के अंजनोक में रहने वाले चंद्रशेखर बाबा ब्रज में काफी लोकप्रिय थे. वे हमेशा अपने हाथ में एक फरसा लेकर चलते थे और निडर होकर गौवंश की रक्षा करते थे. गौ रक्षा आंदोलन का वे एक प्रमुख चेहरा थे, जिस कारण उनकी लोकप्रियता युवाओं और गौ रक्षकों के बीच बहुत अधिक थी.
वर्तमान में इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है.
ये भी पढ़ें: मथुरा: कौन हैं दक्ष चौधरी? जिन्हें 'फरसे वाले बाबा' की मौत के बाद पुलिस ने बाल खींचकर किया गिरफ्तार
ADVERTISEMENT


