योगी की मां पर टिप्पणी का अंजाम! बिहार से दबोचा गया मौलाना अब्दुल्ला सलीम, यूपी एसटीएफ ने पूर्णिया में फिल्मी स्टाइल में की गिरफ्तारी

UP STF action: यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मौलाना अब्दुल्ला सलीम को यूपी STF ने बिहार के पूर्णिया से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद मौलाना ने वीडियो जारी कर माफी मांगी. जानिए पूरा विवाद, कैसे हुई फिल्मी स्टाइल में गिरफ्तारी और किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला.

Maulana Abdullah Saleem arrest
Maulana Abdullah Saleem arrest

गौरव कुमार पांडेय

follow google news

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी और गौ माता के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले मौलाना अब्दुल्ला सलीम को यूपी एसटीएफ (UP STF) ने बिहार के पूर्णिया से गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद मौलाना के सुर पूरी तरह बदल गए हैं. हिरासत में लिए जाने के बाद मौलाना ने एक वीडियो जारी कर हाथ जोड़कर अपने जुर्म का एतराफ किया है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पूरे देश से माफी मांगी है.

Read more!

पूर्णिया में गिरफ्तारी के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा

30 मार्च की देर शाम जब यूपी एसटीएफ की टीम सादी वर्दी में पूर्णिया पहुंची और मौलाना को घेरकर ले जाने लगी, तो स्थानीय इलाके में हड़कंप मच गया. लोगों को लगा कि मौलाना का अपहरण (किडनैपिंग) हो गया है. देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोगों ने पुलिस स्टेशन फोन करना शुरू कर दिया. मामला तब शांत हुआ जब स्थानीय एआईएमआईएम (AIMIM) विधायक ने पुष्टि की कि यह कानूनी कार्रवाई है और यूपी पुलिस की टीम उन्हें गिरफ्तार करने आई है.

क्या था पूरा विवादित मामला?

विवाद की शुरुआत मार्च महीने में हुई थी, जब मौलाना अब्दुल्ला सलीम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. यह वीडियो बिहार के भागलपुर में आयोजित एक धार्मिक सभा का बताया जा रहा है. वीडियो में मौलाना को गौकशी कानूनों पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां और गौ माता के प्रति बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए सुना गया. इस बयान के बाद यूपी के बलरामपुर, बस्ती, सीतापुर, बहराइच और कानपुर समेत कई जिलों में भारी विरोध प्रदर्शन हुए थे और एफआईआर दर्ज की गई थी.

बीजेपी नेताओं और हिंदू संगठनों ने जताई थी नाराजगी

मौलाना के इस भड़काऊ भाषण की बीजेपी विधायक सुरेंद्र दिलेर, सांसद रवि किशन और वीएचपी (VHP) के नेताओं ने कड़ी निंदा की थी. रवि किशन ने कहा था कि भारतीय संस्कृति में मां को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है और ऐसी टिप्पणियां कतई स्वीकार्य नहीं हैं. हिंदू संगठनों ने मौलाना पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई करने की भी मांग की थी.

'हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं'- मौलाना के बदले सुर

बहराइच पुलिस की हिरासत में आने के बाद मौलाना अब्दुल्ला सलीम ने कहा, 'मैं अपने जुर्म का एतराफ करता हूं. मेरी जुबान से सीएम साहब की माताजी के लिए कुछ ऐसी गंदी बातें निकलीं जो नहीं निकलनी चाहिए थीं. मैं हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं और देशवासियों को पैगाम देता हूं कि अपनी तकरीरों में ऐसी बातें न कहें जिससे किसी की भावनाएं आहत हों.' फिलहाल पुलिस मौलाना को मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है.

यहां देखें वीडियो

UPPSC का रिजल्ट देखते ही पहुंच गए हनुमान मंदिर, फिर फूट-फूट कर रोए...जानिए कौन हैं ये शख्स!

    follow google news