मेरठ: घर में खींचकर पीटा, फोन छीना और दी धमकी... डिलीवरी बॉय के साथ कपल ने क्या-क्या किया? खुद सामने आकर सुनाई आपबीती

उस्मान चौधरी

15 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 15 2026 7:20 PM)

Meerut Delivery Boy Viral Video: उत्तर प्रदेश के मेरठ में ब्लिंकिट के डिलीवरी बॉय से मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है. महज 5 मिनट ऑर्डर लेट होने पर दंपती ने डिलीवरी बॉय को बुरी तरह पीटा. घटना का सीसीटीवी वीडियो वायरल होने के बाद साथी राइडर्स ने हड़ताल कर दी और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है.

पीड़ित डिलीवरी बॉय ने सामने आकर बताई पूरी आपबीती
पीड़ित डिलीवरी बॉय ने सामने आकर बताई पूरी आपबीती
Google CTA

Meerut Delivery Boy Incident: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय के साथ बदसलूकी और बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है. महज 5 मिनट ऑर्डर देरी से पहुंचने पर एक कपल ने डिलीवरी बॉय के साथ जमकर गाली-गलौज की और मारपीट की. यह पूरी घटना अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया. घटना के विरोध में इलाके के तमाम डिलीवरी एजेंट्स ने काम बंद कर हड़ताल कर दी है.

Read more!

गंगा हाइट्स अपार्टमेंट की है घटना

यह पूरी वारदात मेरठ के थाना भावनपुर क्षेत्र स्थित गंगा हाइट्स अपार्टमेंट की है. 14 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे ब्लिंकिट का एक डिलीवरी एजेंट अपने ग्राहक का पार्सल डिलीवर करने अपार्टमेंट पहुंचा था. आरोप है कि पार्सल पहुंचाने में केवल 5 मिनट की देरी हुई थी, लेकिन ग्राहक ने 15 मिनट देरी का दावा करते हुए डिलीवरी बॉय से बदतमीजी शुरू कर दी.

घर के अंदर खींचकर पीटा और दी झूठे केस की धमकी

पीड़ित डिलीवरी बॉय ने कैमरे पर अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि वह पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट टाइम में डिलीवरी का काम करता है. उसने बताया कि ग्राहक और उसकी पत्नी ने पहले बाहर उससे मारपीट की. इसके बाद महिला के इशारे पर पति उसे खींचकर घर के अंदर ले गया और वहां भी बेरहमी से पीटा. पीड़ित का आरोप है कि उसका फोन छीन लिया गया और उस पर महिला से छेड़छाड़ का झूठा केस दर्ज कराने तथा जान से मारने की धमकी दी गई.

वीडियो वायरल होने पर साथी राइडर्स का फूटा गुस्सा

घटना के बाद डरा-सहमा डिलीवरी बॉय चुपचाप घर चला गया था. हालांकि, 15 अगस्त की सुबह जब इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर वायरल हुआ, तो उसके साथी राइडर्स को मामले का पता चला. इसके बाद साथी राइडर्स ने पीड़ित को ऑफिस बुलाया और पूरी घटना जानने के बाद भावनपुर थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी.

सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग पर अड़े राइडर्स

घटना के विरोध में गंगानगर इलाके के सभी ब्लिंकिट राइडर्स ने काम बंद कर हड़ताल कर दी. राइडर्स की मांग है कि जैसे उनके साथी की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ है, ठीक वैसे ही आरोपी दंपती सभी राइडर्स और मीडिया के सामने आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगे. जब तक आरोपी माफी नहीं मांगते और सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक काम बंद रहेगा.

एफआईआर दर्ज, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

मामले पर संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना का संज्ञान लेते हुए भावनपुर थाने में आरोपी दंपती के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. घटना के बाद से ही आरोपी अपने फ्लैट पर ताला लगाकर फरार हैं. पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.

यह भी पढ़ें: VIDEO: मेरठ में 5 मिनट लेट हुआ डिलीवरी बॉय, भड़क गया शख्स; फ्लैट में ले जाकर पीटा!