Meerut couple Raja and Isha stuck in Dubai: ईरान पर इज़रायल और संयुक्त राज्य अमेरिका के हमले के बाद से पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव बना हुआ है. ईरान ने सऊदी अरब, कुवैत और UAE के कुछ इलाकों को निशाना बनाया है. इस बढ़ते तनाव की चपेट में भारत के अलग-अलग राज्यों से गए कई लोग इन देशों में फंस गए हैं. इन्हीं में मेरठ के रहने वाले राजा और उनकी पत्नी ईशा भी शामिल हैं, जो फिलहाल दुबई में फंसे हुए हैं. यह कपल यहां अपनी शादी की पहली सालगिरह मनाने गया हुआ था. परिजनों के अनुसार शनिवार को उनकी वापसी की फ्लाइट थी, लेकिन तनाव बढ़ने के बाद उसे कैंसिल कर दिया गया है. इस बीच हमारे सहयोगी यूपी तक की टीम ने उनके परिजनों से बातचीत की है.
ADVERTISEMENT
मेरठ के थापर नगर मिशन कंपाउंड में रहने वाले राजा सलूजा ऑटो पार्ट्स की बिजनेस है. वे अपनी पत्नी ईशा के साथ 21 फरवरी को दुबई गए थे. शनिवार को उनको वापिस आना था, लेकिन उनकी फ्लाईट को कैंसिल कर दिया गया. राजा की बहन दीपाली ने बताया कि शनिवार को अबू धाबी एयरपोर्ट पर उनके भाई और भाभी ने अपना लगेज जमा कर दिया था और बोर्डिंग करने ही वाले थे. इस बीच खबर आई कि युद्ध के कारण फ्लाइट्स नहीं उड़ेंगी.
22 किलोमीटर दूर होटल में ली शरण
बताया जा रहा है कि स्थिति को बिगड़ते देख एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सभी यात्रियों को होटल भेजने का फैसला किया. राजा के परिवार ने बताया कि एयरपोर्ट से करीब 22 किलोमीटर दूर उन्हें एक होटल में ठहराया गया है. हालांकि वहां की सरकार मदद कर रही है और खाना-पीना मुहैया करा रही है, लेकिन असुरक्षा का माहौल इतना ज्यादा है कि राजा और ईशा पूरी रात सो नहीं पाए. राजा ने अपनी बहन को बताया कि वे लोग डरे हुए हैं और 5-6 घंटों तक उन्होंने कुछ नहीं खाया था क्योंकि उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आगे क्या होगा.
मेरठ में डरा हुआ है पूरा परिवार
मेरठ में बैठा राजा का परिवार इस समय भारी दहशत में है. राजा की मां रजिंदर सलूजा ने नम आंखों से बताया कि उनके बेटे और बहू ने शुरू में उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं दी ताकि वे डर न जाएं. लेकिन जब पता चला कि वहां बमबारी और मिसाइलें चल रही हैं तो उनकी रातों की नींद उड़ गई. राजा के पिता भी काफी इमोशनल हैं, इसलिए भाई-बहन आपस में ही बात कर रहे हैं. मां का कहना है कि जब तक बच्चे घर नहीं आ जाते तब तक उन्हें चैन नहीं मिलेगा. वहीं राजा की बहन दीपाली ने बताया कि जब वह अपनी भाभी से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी तो उसे खुद मिसाइल और अलर्ट के सायरन की आवाजें सुनाई दे रही थीं.
भारत सरकार से सुरक्षित वापसी की गुहार
अब राजा के परिवार ने भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगाई है कि दुबई और अबू धाबी जैसे इलाकों में फंसे सभी भारतीयों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकाला जाए. बहन दीपाली का कहना है कि वे लोग वहां अकेले हैं. उनका ये पहला इंटरनेशनल ट्रिप था. परिवार चाहता है कि सरकार कूटनीतिक रास्तों का इस्तेमाल कर वहां फंसे नागरिकों के लिए स्पेशल फ्लाइट्स या इवैक्युएशन की व्यवस्था करे ताकि उनके बच्चे सुरक्षित घर लौट सकें.

