मेरठ में डिलीवरी पहुंचाने में पांच मिनट की देरी एक डिलीवरी बॉय को भारी पड़ गई. आरोप है कि अपार्टमेंट में रहने वाले एक शख्स ने डिलीवरी एजेंट के साथ मारपीट की. घटना का CCTV फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है.
ADVERTISEMENT
डिलीवरी में हुई पांच मिनट की देरी!
मामला मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र स्थित गंगा हाइट्स अपार्टमेंट का बताया जा रहा है. वायरल CCTV फुटेज में लाल रंग की शर्ट पहने एक डिलीवरी एजेंट अपार्टमेंट में पहुंचता नजर आता है.
इसके बाद एक शख्स फ्लैट से बाहर आता है. दोनों के बीच कुछ देर बातचीत होती है. इसी दौरान विवाद बढ़ जाता है.
मोबाइल छीना, फिर थप्पड़ और लात से हमला
CCTV में दिखाई दे रहा है कि विवाद के बीच शख्स डिलीवरी बॉय का मोबाइल फोन छीन लेता है. इसके बाद वह उसके साथ मारपीट करता नजर आता है. वीडियो में आरोपी डिलीवरी एजेंट को थप्पड़ मारता और लात से हमला करता दिखाई दे रहा है.
डिलीवरी बॉय इस दौरान अपना मोबाइल वापस मांगता नजर आता है. इसी बीच फ्लैट से एक महिला भी बाहर आती है और कुछ समय तक मौके पर मौजूद रहती है.
फ्लैट के अंदर ले जाने का भी दावा
CCTV फुटेज में कुछ देर बाद डिलीवरी एजेंट को फ्लैट के अंदर ले जाते हुए देखा जा सकता है. दावा किया जा रहा है कि अंदर भी उसके साथ मारपीट की गई. हालांकि, फ्लैट के अंदर हुई कथित मारपीट की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.कुछ समय बाद डिलीवरी बॉय को फ्लैट से बाहर निकाल दिया जाता है.
14 अगस्त की रात की बताई जा रही घटना
वायरल वीडियो को 14 अगस्त की रात का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब साढ़े 9 बजे हुई. डिलीवरी एजेंट का नाम अमित बताया जा रहा है.
आरोप है कि डिलीवरी पहुंचाने में करीब पांच मिनट की देरी होने पर उसके साथ मारपीट की गई.
पुलिस ने लिया मामले का संज्ञान
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है. पुलिस के मुताबिक, थाना प्रभारी भावनपुर को पूरे मामले की जांच कर जरूरी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटना की जगह, समय और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. साथ ही मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


