मेरठ में तीन मासूम बेटियों के सामने मां का गला रेता, मजीद नगर में कत्ल से फैली दहशत

Meerut Murder Case: मेरठ के मजीद नगर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां तीन मासूम बेटियों के सामने घर में घुसकर मां की गला रेतकर हत्या कर दी गई. लिसाड़ी गेट इलाके में हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस फोर्स एंट्री, पारिवारिक एंगल और जान-पहचान वाले संदिग्धों की भूमिका समेत कई पहलुओं पर जांच कर रही है.

Meerut Crime News
Meerut Crime News

उस्मान चौधरी

follow google news

उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. लिसाड़ी गेट इलाके के मजीद नगर में शुक्रवार की सुबह एक महिला की उसके घर में ही गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. वारदात के वक्त घर में महिला की तीन मासूम बेटियां मौजूद थीं, जिनके सामने ही इस खौफनाक मंजर को अंजाम दिया गया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है.

Read more!

सुबह-सुबह चीखों से दहला इलाका

मेरठ का लिसाड़ी गेट इलाका शुक्रवार की सुबह रोजाना की तरह अपनी रफ्तार पकड़ रहा था, लेकिन मजीद नगर की गली नंबर तीन में अचानक मचे कोहराम ने सबको चौंका दिया. जानकारी के मुताबिक, इसरार उर्फ सोनू के मकान की दूसरी मंजिल पर साकिब अपनी पत्नी और तीन बेटियों के साथ रहता था. सुबह करीब 8:00 बजे जब साकिब अपना ई-रिक्शा लेकर मंडी जा चुका था, तभी घर के अंदर 26-27 वर्षीय कौसर की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई.

मासूम बेटियों ने दी मकान मालिक को सूचना

मकान में मौजूद कौसर की तीन बेटियां, जिनकी उम्र महज 6 साल, 4 साल और डेढ़ साल है, वारदात के बाद सहमी हुई हालत में नीचे मकान मालिक के पास पहुंचीं. उन्होंने घबराते हुए सिर्फ इतना कहा कि उन्हें अपने पापा से बात करनी है और फोन मिला दो. जब मकान मालिक ने फोन मिलाकर दिया, तो बच्चियां बात करते-करते फूट-फूटकर रोने लगीं. बच्चियों के रोने की आवाज सुनकर जब मकान मालिक की पत्नी ऊपर कमरे में पहुंची, तो वहां का मंजर देखकर उसकी रूह कांप गई. फर्श पर कौसर की खून से लथपथ लाश पड़ी थी.

पुलिस की जांच और फोर्स एंट्री का न होना

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसपी सिटी विनायक भोसले खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में घर के दरवाजे पर किसी भी तरह की फोर्स एंट्री के निशान नहीं मिले हैं. इससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि कातिल या तो कोई जानकार था जिसके लिए कौसर ने खुद दरवाजा खोला, या फिर उसके पास घर की चाबियां पहले से मौजूद थीं.

अनसुलझे सवाल और पुलिस की कार्रवाई

पुलिस अब इस बिंदु पर जांच कर रही है कि क्या तीनों मासूम बच्चियों ने कातिल को देखा है या वे उसे पहचानती हैं. एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिवार से तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस घर में मौजूद लोगों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की असली वजह का पता लगाया जा सके. फिलहाल, कौसर का पति साकिब बदहवास है और मासूम बच्चियां गहरे सदमे में हैं.

यहां देखें वीडियो

आगरा में दामाद का मर्डर करने के लिए ससुर ने बेटी के संग मिलकर बनाया खौफनाक प्लान, 4 माह बाद खुला पूरा राज!

    follow google news