Meerut Sourabh Murder Case: मेरठ के बहुचर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड को करीब 18 महीने बीत चुके हैं. इस मामले में हत्या की दोषी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को अदालत फांसी की सजा सुना चुकी है. इस बीच, वारदात के बाद से बंद पड़े उस मकान को बुधवार शाम पुलिस की मौजूदगी में खोला गया, जहां सौरभ की हत्या की गई थी. मकान के ताले तोड़कर पुलिस ने सौरभ के परिजनों और मकान मालिक की मौजूदगी में अंदर रखे सामान की सूची तैयार की. इसके बाद सौरभ का सामान उनके भाई राहुल को सौंप दिया गया. मकान का दरवाजा खुलते ही सौरभ की मां रेनू देवी और भाई राहुल अंदर पहुंचे. जिस कमरे में सौरभ की हत्या हुई थी, वहां पहुंचते ही दोनों भावुक हो गए और फूट-फूटकर रोने लगे.
ADVERTISEMENT
खौफनाक मंजर: 18 महीने बाद खुला घर का ताला
बुधवार शाम ब्रह्मपुरी थाना पुलिस की मौजूदगी में उस मकान का ताला तोड़ा गया जहां सौरभ की हत्या हुई थी. इस दौरान सौरभ की मां रेणू देवी, भाई राहुल और मकान मालिक मौके पर मौजूद रहे. जैसे ही घर का दरवाजा खुला, अंदर से तेज बदबू आने लगी. लंबे समय से बंद पड़े इस घर के भीतर का अंधेरा और सन्नाटा डरावना था. मां और भाई सीधे उसी कमरे में पहुंचे जहां हत्या की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसे देख दोनों की आंखें नम हो गईं.
अंदर बिखरा सामान और चूहों का आतंक
मकान के भीतर का हाल बेहद बेहाल था. लंबे वक्त से ताला बंद होने के कारण चूहों ने गद्दे, कपड़े और अन्य घरेलू सामान को बुरी तरह कुतर दिया था. जिस बेड पर हत्या के बाद शव को छिपाया गया था, उसके बॉक्स से भी सड़न की बदबू आ रही थी. बाथरूम में सौरभ की बनियान और कमरे में उसकी बेटी पीहू के खिलौने तथा किताबें बिखरी मिलीं. दीवारों पर बच्चे के बनाए मासूम स्केच आज भी उस दर्दनाक दास्तां की गवाही दे रहे थे.
पुलिस ने परिजनों को सौंपा सामान
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घर के अंदर रखे सामान की पूरी सूची तैयार की और उसकी फर्द बनाई. औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सौरभ का बर्तन, फर्नीचर, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान उसके बड़े भाई राहुल को सौंप दिया गया. हालांकि, परिवार ने मुस्कान और पीहू के कपड़े व खिलौने वहीं छोड़ दिए. मकान मालिक ओमपाल सिंह को लंबे समय से हो रहे आर्थिक नुकसान और बिजली कटने की समस्या के चलते यह ताला खुलवाना पड़ा था. सामान सौंपने के बाद मालिक ने मकान पर फिर से अपना ताला लगा दिया.
कोर्ट सुना चुका है मौत की सजा
मार्च 2025 में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था. आरोप था कि सौरभ की पत्नी मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर उसकी हत्या की और शव को नीले ड्रम में सीमेंट से सील कर दिया था. पुलिस ने मामले की तफ्तीश कर दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया. इस मामले में अदालत ने हाल ही में 14 अक्टूबर 2026 को दोनों दोषियों को मृत्युदंड की सजा सुनाई है, जिसके खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की गई है.
यह भी पढ़ें: मेरठ जेल में करवा चौथ पर जेल में बंद मुस्कान और रविता ने मांगी चूड़ियां-बिंदी, जानिए क्या है पूरा मामला
ADVERTISEMENT


