देश भर में रसोई गैस (LPG) की किल्लत को लेकर मचे हाहाकार के बीच उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर का एक विवादित बयान सामने आया है. जहां आम जनता गैस सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में खड़ी है, वहीं राजभर ने इस पूरी स्थिति को विपक्ष की अफवाह करार दिया है. राजभर ने न्यूज एजेंसी से बातचीत करते हुए गैस की किल्लत को गलत बताया और यहां तक कह दिया है कि जिसे जरूरत है मुझसे ले ले. फिलहाल राजभर का यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
राजभर का ठेट अंदाज और ट्रोलिंग
लखनऊ में न्यूज़ एजेंसी एएनआई (ANI) के पत्रकार ने जब राजभर से देश भर में हो रही गैस की किल्लत पर सवाल पूछा, तो वे अपने चिर-परिचित ठेट अंदाज में नजर आए. राजभर ने पत्रकार के सवाल को मजाक में टालते हुए कहा, 'कहां किल्लत है? जितना चाहिए उतना हमसे ले लीजिए.' राजभर के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया हैय सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि जब जनता परेशान है, तब एक जिम्मेदार मंत्री का ऐसा बयान संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है.
विपक्ष पर लगाया अफवाह फैलाने का आरोप
राजभर ने गैस संकट की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि सरकार ने कोई पाबंदी नहीं लगाई है और यह सब विपक्षियों द्वारा फैलाई जा रही एक अफवाह है. हालांकि, जमीनी हकीकत राजभर के दावों से उलट नजर आ रही है. उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में लोग सिलेंडर के लिए मारा-मारी कर रहे हैं और अयोध्या की राम रसोई से लेकर काशी विश्वनाथ के प्रसाद तक पर इस संकट का असर देखा जा रहा है.
सीएम योगी का सख्त रुख
गैस संकट और जमाखोरी की खबरों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोर्चा संभाल लिया है. उन्होंने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि सिलेंडर की कालाबाजारी करने वालों पर पैनी नजर रखी जाए. सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर स्पष्ट किया कि राज्य में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है. उन्होंने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की और चेतावनी दी कि यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति जमाखोरी करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी.
क्यों पैदा हुई पैनिक की स्थिति?
बताया जा रहा है कि ईरान-इजराइल युद्ध के चलते पेट्रोलियम क्राइसिस की आशंका जताई जा रही है, जिससे व्यापारियों और आम लोगों में घबराहट है. हालांकि, पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. सरकार ने पैनिक बुकिंग रोकने के लिए नए नियम भी जारी किए हैं, जिसके तहत अब शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर ही दूसरा सिलेंडर बुक किया जा सकेगा.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


